दिवंगत अतिथि शिक्षक रामबाबू वर्मा के परिवार के साथ खड़ा हुआ अतिथि शिक्षक संगठन

पचोर। जिले के बोड़ा क्षेत्र में कुछ दिनों पूर्व सड़क दुर्घटना में असमय काल के गाल में समाए अतिथि शिक्षक रामबाबू वर्मा के परिवार की मदद के लिए साथी अतिथि शिक्षक आगे आए। अतिथि शिक्षकों ने मानवीय संवेदनशीलता और आपसी सहयोग की मिसाल पेश करते हुए आपस में आर्थिक सहयोग एकत्रित किया और दिवंगत शिक्षक के गांव लसूड़िया जागीर पहुंचकर उनके परिजनों को करीब 57 हजार रुपये की सहायता राशि सौंपी।इस दौरान अतिथि शिक्षक संगठन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। साथियों द्वारा दी गई यह आर्थिक सहायता भले ही परिवार के नुकसान की भरपाई नहीं कर सकती, लेकिन विपरीत परिस्थितियों में परिवार को कुछ सहारा देने का एक संवेदनशील प्रयास है।उल्लेखनीय है कि अतिथि शिक्षक रामबाबू वर्मा लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे। सड़क दुर्घटना में उनके असमय निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ऐसे कठिन समय में साथी अतिथि शिक्षकों ने अपनी सीमित आर्थिक परिस्थितियों के बावजूद सहयोग की भावना दिखाते हुए राशि एकत्रित की।इस अवसर पर अतिथि शिक्षकों की आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति का मुद्दा भी सामने आया। अतिथि शिक्षक पिछले लगभग 16 वर्षों से कम मानदेय और अस्थायी व्यवस्था के तहत सरकारी विद्यालयों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायित्व और पर्याप्त आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पाई है। उनकी अपनी आर्थिक स्थिति भी मजबूत नहीं है, इसके बावजूद उन्होंने अपने दिवंगत साथी के परिवार की मदद के लिए आगे आकर एकजुटता का परिचय दिया।अतिथि शिक्षकों का कहना है कि वर्षों से शिक्षा व्यवस्था में योगदान देने के बावजूद उनकी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में शासन स्तर पर अपेक्षित प्रयास नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में अतिथि शिक्षकों को आर्थिक असुरक्षा के बीच अपनी जिम्मेदारियां निभानी पड़ रही हैं।सहायता राशि सौंपने के दौरान वरिष्ठ अतिथि शिक्षक रामचन्द्र नागर, प्रदेश उपाध्यक्ष सत्येन्द्र नागर, जिलाध्यक्ष जगदीश दांगी, प्रेम वर्मा एवं मीडिया प्रभारी राजेश नागर सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।