कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस हादसे के बाद रेलवे का राहत अभियान, 4 घंटे में सभी यात्रियों को स्पेशल ट्रेन से भेजा

कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस हादसे के बाद रेलवे का राहत अभियान, 4 घंटे में सभी यात्रियों को स्पेशल ट्रेन से भेजा

बेपटरी ट्रेन के यात्रियों को रेलवे ने पहुंचाई त्वरित सहायता

गुवाहाटी। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के डिगारू रेलवे स्टेशन पर 11 नवंबर को कोलकाता-सायरंग एक्सप्रेस के बेपटरी होने के बाद रेलवे प्रशासन ने तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाया। ट्रेन संख्या 13125 के इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतरने के बाद प्रभावित यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए रेलवे ने विशेष राहत ट्रेन की व्यवस्था की। घटना के महज 4 घंटे के भीतर सभी फंसे यात्रियों को राहत ट्रेन में स्थानांतरित कर दिया गया। यह ट्रेन सुबह 11:30 बजे डिगारू से सायरंग के लिए रवाना हुई।

रेलवे प्रशासन की ओर से घटनास्थल पर यात्रियों के लिए खाने-पीने की व्यापक व्यवस्था की गई। यात्रियों को लगभग 1,200 पानी की बोतलें, चाय, बिस्कुट और 1,200 नाश्ते के पैकेट वितरित किए गए। इसके अलावा आईआरसीटीसी की ओर से करीब 1,800 दोपहर के भोजन के पैकेट और पेयजल उपलब्ध कराया गया। राहत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को नाश्ते के साथ दोपहर और रात का भोजन भी दिया गया। कामाख्या स्टेशन पर त्रिपुरा सुंदरी एक्सप्रेस के फंसे यात्रियों को भी भोजन और पानी उपलब्ध कराया गया।

यात्रियों की सहायता के लिए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के सभी 5 मंडलों में हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए। वहीं राहत ट्रेन से पहुंचने वाले यात्रियों की चिकित्सा सहायता के लिए लामडिंग स्टेशन पर विशेष चिकित्सा सहायता केंद्र बनाया गया। रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी पूरे राहत अभियान के दौरान यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने में जुटे रहे।

रेलवे के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 को दूसरे ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए लूप लाइन में प्रवेश कराया जा रहा था। इसी दौरान इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। 22 डिब्बों वाली इस ट्रेन में करीब 782 यात्री सवार थे, जिनमें लगभग 216 यात्री प्रभावित डिब्बों में यात्रा कर रहे थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री की मौत या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली।

घटना के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द, आंशिक रूप से समाप्त और नियंत्रित करना पड़ा। हालांकि रेलवे प्रशासन ने तेजी से बहाली कार्य करते हुए उसी दिन अप और डाउन दोनों रेल लाइनों पर ट्रेन संचालन दोबारा शुरू कर दिया।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बहाली कार्यों का निरीक्षण किया। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। विशेषज्ञों की टीम गठित की गई है, जो घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच करेगी। रेलवे के अनुसार जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।

पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कपिंजल किशोर शर्मा ने बताया कि रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, समय पर राहत और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।