रेलवे ने 18 ट्रेनों के संचालन में किया बदलाव, कई के मार्ग बदले तो कुछ देरी से होंगी रवाना

रेलवे ने 18 ट्रेनों के संचालन में किया बदलाव, कई के मार्ग बदले तो कुछ देरी से होंगी रवाना

रेलवे ने ट्रेनों के संचालन में किया बदलाव

मध्य रेलवे के पुणे मंडल में दौंड-मनमाड रेलखंड के येवला यार्ड में रीमॉडलिंग फेज-2 का कार्य किया जाएगा। इसके चलते रेल प्रशासन ने दिसंबर 2026 तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव करने का निर्णय लिया है। इसके तहत 7 ट्रेनों के मार्ग परिवर्तित किए जाएंगे, 2 ट्रेनों को देरी से रवाना किया जाएगा, जबकि 9 ट्रेनों का अलग-अलग तारीखों में विनियमन किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 12779 वास्को-द-गामा-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस और 17323 हुब्बल्लि-बनारस एक्सप्रेस 18 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी। इसी तरह ट्रेन संख्या 11078 जम्मू तवी-पुणे एक्सप्रेस 17 और 20 दिसंबर को बदले हुए मार्ग से चलेगी। ट्रेन संख्या 11410 निजामाबाद-पुणे एक्सप्रेस और 12780 हजरत निजामुद्दीन-वास्को-द-गामा एक्सप्रेस 18 दिसंबर को परिवर्तित मार्ग से संचालित होंगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 12627 केएसआर बेंगलुरु-नई दिल्ली एक्सप्रेस 21 दिसंबर और ट्रेन संख्या 17363 हुब्बल्लि-योग नगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस 21 दिसंबर को बदले हुए मार्ग से चलाई जाएगी।

दो ट्रेनें देरी से होंगी रवाना

रीमॉडलिंग कार्य के चलते ट्रेन संख्या 22590 हडपसर-बनारस एक्सप्रेस 19 दिसंबर को निर्धारित समय सुबह 7:50 बजे के बजाय सुबह 10:00 बजे रवाना होगी। वहीं ट्रेन संख्या 12103 पुणे-लखनऊ जंक्शन एक्सप्रेस 22 दिसंबर को सुबह 11:20 बजे के स्थान पर दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी।

कई ट्रेनों का होगा विनियमन

रेलवे ने ट्रेन संख्या 07316 मुजफ्फरपुर-हुब्बल्लि विशेष को 13 नवंबर को 2 घंटे 30 मिनट नियंत्रित करने का निर्णय लिया है। इसके अलावा बेंगलुरु-नई दिल्ली, वास्को-द-गामा-हजरत निजामुद्दीन, यशवंतपुर-हजरत निजामुद्दीन, हडपसर-मुजफ्फरपुर, दानापुर-पुणे विशेष, हुब्बल्लि-हजरत निजामुद्दीन और बनारस-हडपसर सहित कई ट्रेनों का नवंबर और दिसंबर में अलग-अलग तारीखों पर 30 मिनट से लेकर 3 घंटे 40 मिनट तक विनियमन किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस या रेलवे हेल्पलाइन से अवश्य प्राप्त कर लें।