एटा: अवागढ़ में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से बांधा समां।

*एटा: अवागढ़ में ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का हुआ शुभारंभ, बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से बांधा समां।*


एटा/अवागढ़। कस्बा आवागढ़ में बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से ब्लॉक स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन एसवीडी इंटरनेशनल स्कूल के खेल मैदान में किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष महेश पाल सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने मां सरस्वती के गीत की सुंदर प्रस्तुति देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। बच्चों की प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि महेश पाल सिंह ने ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर बालक एवं बालिका वर्ग की 50 मीटर दौड़ प्रतियोगिता की शुरुआत कराई। दौड़ प्रतियोगिता में बच्चों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ भाग लिया। मैदान में दौड़ लगाते हुए छात्र-छात्राओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का खासा उत्साह दिखाई दिया।

ब्लॉक स्तरीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के माध्यम से बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। साथ ही बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, आपसी सहयोग और आगे बढ़ने की भावना को प्रोत्साहित किया गया।

इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आयोजकों ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पूरे कार्यक्रम में बच्चों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

रिपोर्ट: रमेश जादौन एटा।