अमृतसर रेलवे स्टेशन पर परिवार से बिछड़ा बच्चा, टिकट चेकिंग स्टाफ ने कुछ ही देर में माता-पिता से मिलवाया

अमृतसर रेलवे स्टेशन पर परिवार से बिछड़ा बच्चा, टिकट चेकिंग स्टाफ ने कुछ ही देर में माता-पिता से मिलवाया

उद्घोषणा कर बच्चे की तलाश में जुटे रेलवे कर्मचारी, सुरक्षित मिलते ही परिवार ने जताया आभार

अमृतसर। अमृतसर रेलवे स्टेशन पर परिवार से बिछड़े एक बच्चे को टिकट चेकिंग स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए खोज निकाला और सुरक्षित उसके माता-पिता से मिलवा दिया। रेलवे कर्मचारियों की इस मानवीय पहल से परिवार ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार, 11 नवंबर की सुबह मीरथल निवासी एक परिवार श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने के लिए अमृतसर आया था। इसी दौरान उनका बेटा लवली रेलवे स्टेशन पर परिवार से बिछड़ गया। बच्चे के अचानक लापता होने से घबराए पिता ने स्टेशन पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीआईटी) एस.एस. मान से संपर्क किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एस.एस. मान ने तुरंत बच्चे की तलाश शुरू की और उसे सुरक्षित खोजकर पूछताछ कार्यालय पहुंचाया। वहीं, ड्यूटी पर तैनात आरक्षण पर्यवेक्षक नवलीन कौर ने बच्चे के गुम होने की उद्घोषणा करवाई। उद्घोषणा सुनते ही बच्चे के माता-पिता पूछताछ कार्यालय पहुंचे।

इसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के कर्मचारियों की मौजूदगी में बच्चे को सुरक्षित उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सकुशल वापस पाकर माता-पिता ने रेलवे कर्मचारियों का आभार जताया।

मौके पर मौजूद वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (मालभाड़ा) परमदीप सिंह सैनी ने टिकट चेकिंग स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और मानवीय संवेदनशीलता से रेल यात्रियों को सुरक्षित एवं सुखद यात्रा का अनुभव मिलता है।