हरदोई में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियों का डीएम-एसपी ने लिया जायजा, समय से व्यवस्था पूरी करने के निर्देश, घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित किया जाएं

हरदोई। आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत विधायक बिलग्राम-मल्लावां आशीष सिंह आशू, जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने मल्लावां स्थित बेरिया घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मेले की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि मेला शुरू होने से पहले घाटों तक आने-जाने वाले मार्गों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने घाट परिसर और आसपास पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा पार्किंग की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मेले के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त इंतजाम करने और श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा के दृष्टिगत घाटों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, जाली और आवश्यक संकेतक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मेले से जुड़ी सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूरी कर ली जाएं। उपजिलाधिकारी बिलग्राम को विभिन्न विभागों के अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए घाट पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें लगातार गश्त करें, ताकि मेले के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे तथा किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी नहने राम, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अजय कुमार चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।