बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी में नवल कुमार पाठक ने हासिल किया जनपद में प्रथम स्थान मंडल स्तर के लिए चयनित।

बहराइच। बच्चों में विज्ञान के प्रति रुचि, तार्किक क्षमता, कल्पनाशीलता और वैज्ञानिक सोच विकसित करने के उद्देश्य से राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से 54वीं जनपद स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी-2026 का आयोजन एम्स इंटरनेशनल स्कूल, बहराइच में किया गया। प्रदर्शनी का मुख्य विषय 'सतत एवं विकसित भारत के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार' रहा। इसमें विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों और शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल ने मॉडलों की रचनात्मकता, मौलिकता, वैज्ञानिक एवं गणितीय नवाचार, तकनीकी कौशल, उपयोगिता और प्रस्तुतीकरण के आधार पर मूल्यांकन किया। प्रतियोगिता में उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया आलम के विद्यार्थियों देवांश दीक्षित ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, आकाश ने हरित ऊर्जा, सुभाष ने गणितीय मॉडलिंग, वैष्णवी दीक्षित ने स्वास्थ्य तथा अभिषेक ने स्वदेशी कृषि पद्धतियों में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं शिक्षक संवर्ग में उच्च प्राथमिक विद्यालय परसिया आलम के सहायक अध्यापक नवल कुमार पाठक ने स्वदेशी कृषि पद्धतियों पर टीएलएम प्रस्तुत कर जनपद में प्रथम स्थान हासिल किया। इसके अलावा उच्च प्राथमिक विद्यालय सड़वापुर के सहायक अध्यापक आशीष श्रीवास्तव ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता तथा चंदनपुर खास, बलहा के सहायक अध्यापक हेमंत यादव ने गणित विषय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी चयनित प्रतिभागियों ने मंडल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। नवल कुमार पाठक की इस उपलब्धि से विद्यालय एवं क्षेत्र में खुशी का माहौल है।