दीपावली और छठ पूजा पर रेलवे की बड़ी राहत, 36 स्पेशल ट्रेनों का बढ़ाया संचालन

दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए 36 विशेष ट्रेनों के संचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है। इससे त्योहारों के बाद भी यात्रियों को घर लौटने के लिए अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार लोकमान्य तिलक टर्मिनस-समस्तीपुर साप्ताहिक विशेष ट्रेन 01043 का संचालन अब 24 नवंबर तक बढ़ाया गया है। वहीं समस्तीपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन 01044 अब 26 नवंबर को भी चलेगी। लोकमान्य तिलक टर्मिनस-बनारस विशेष ट्रेन 01051 का संचालन 25 और 26 नवंबर को होगा, जबकि बनारस-लोकमान्य तिलक टर्मिनस ट्रेन 01052 26 और 27 नवंबर को संचालित की जाएगी।

इसके अलावा लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मडगांव, लोकमान्य तिलक टर्मिनस-मऊ और लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर सहित कई विशेष ट्रेनों की अवधि भी बढ़ाई गई है। दानापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस दैनिक विशेष ट्रेन 01144 अब 23 से 30 नवंबर तक चलेगी। वहीं लोकमान्य तिलक टर्मिनस-दानापुर ट्रेन 01143 का संचालन 22 से 29 नवंबर तक किया जाएगा।

रेलवे ने खड़की-सांगानेर, हड़पसर-गाजीपुर सिटी और तिरुवनंतपुरम नॉर्थ-लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच चलने वाली विशेष ट्रेनों का संचालन भी बढ़ाया है। इन ट्रेनों के मार्ग, समय, ठहराव, किराये और कोच संरचना में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

5 नवंबर से शुरू होगी बुकिंग

रेलवे के मुताबिक ट्रेन संख्या 01043, 01051, 01179, 01123, 01143, 01411, 01431 और 01463 में विशेष किराये पर आरक्षण 5 नवंबर 2026 से शुरू होगा। यात्री आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुक कर सकेंगे। अनारक्षित कोचों के टिकट यूटीएस प्रणाली से उपलब्ध होंगे। यात्री रेलवन ऐप से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने बताया कि त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इससे दीपावली और छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।