जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग अभियान से रेलवे को 81 लाख रुपये की कमाई

जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग अभियान से रेलवे को 81 लाख रुपये की कमाई

अक्टूबर में 9,564 मामले पकड़े, जम्मू तवी और कटड़ा समेत प्रमुख स्टेशनों पर हुई जांच

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में बिना टिकट और अनियमित टिकट लेकर यात्रा करने वालों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में रेलवे को बड़ी सफलता मिली है। अक्टूबर 2026 में पूरे महीने चले सघन टिकट जांच अभियान के दौरान कुल 9,564 मामले पकड़े गए। इनसे जुर्माने और किराए के रूप में रेलवे को 81,38,495 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व और दिशा-निर्देशों में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक यह अभियान चलाया गया। इसके तहत जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा, शहीद कैप्टन तुषार महाजन और पठानकोट कैंट सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर जांच की गई। इसके अलावा मंडल से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों और प्लेटफॉर्मों पर भी टिकट जांच कर्मचारियों ने औचक निरीक्षण किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और बेहतर रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। बिना टिकट और अनियमित टिकट पर यात्रा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। अभियान का उद्देश्य रेलवे राजस्व बढ़ाने के साथ वैध टिकट लेकर यात्रा करने वाले यात्रियों के अधिकारों की रक्षा करना भी है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे ट्रेन में यात्रा करने और प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने से पहले हमेशा वैध एवं उचित श्रेणी का टिकट लें। रेलवे नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।