अजमेर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन अब सूरत की जगह उधना स्टेशन पर रुकेगी, 27 दिसंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था

अजमेर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन अब सूरत की जगह उधना स्टेशन पर रुकेगी, 27 दिसंबर तक लागू रहेगी व्यवस्था

रेल भूमि विकास प्राधिकरण के कार्य के चलते रेलवे ने बढ़ाई अवधि, दोनों दिशाओं की ट्रेनों के ठहराव में किया बदलाव

रेलवे प्रशासन ने सूरत स्टेशन पर रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) से संबंधित निर्माण कार्य के चलते अजमेर-बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा के ठहराव में बदलाव की अवधि बढ़ा दी है। अब इस ट्रेन का ठहराव निर्धारित अवधि तक सूरत स्टेशन के स्थान पर उधना स्टेशन पर होगा। रेलवे के इस निर्णय से यात्रियों को यात्रा से पहले बदले हुए स्टेशन और समय का ध्यान रखना होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 20995 अजमेर-बांद्रा टर्मिनस रेलसेवा 31 अक्टूबर 2026 से 26 दिसंबर 2026 तक सूरत स्टेशन के स्थान पर उधना स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन उधना स्टेशन पर सुबह 07:41 बजे पहुंचेगी और 07:44 बजे रवाना होगी।

इसी तरह गाड़ी संख्या 20996 बांद्रा टर्मिनस-अजमेर रेलसेवा 1 नवंबर 2026 से 27 दिसंबर 2026 तक सूरत के स्थान पर उधना स्टेशन पर ठहराव करेगी। यह ट्रेन उधना स्टेशन पर शाम 18:12 बजे पहुंचेगी और 18:15 बजे प्रस्थान करेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाते समय इस बदलाव का विशेष ध्यान रखें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।