खेत से काटे गए दो लाख के यूकेलिप्टस, 50 हजार में बेचने का आरोप; तीसरे दिन पुलिस की मौजूदगी में लकड़ी उठवाने का दावा

खेत से काटे गए दो लाख के यूकेलिप्टस, 50 हजार में बेचने का आरोप; तीसरे दिन पुलिस की मौजूदगी में लकड़ी उठवाने का दावा

 

पीड़ित ने मुजरिया पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, एसएसपी से शिकायत करने की कही बात

 

सहसवान (बदायूं)। थाना मुजरिया क्षेत्र के ग्राम मुड़सान में खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को काटकर कथित रूप से सस्ते दामों में बेचने का मामला सामने आया है। पीड़ित अमरपाल पुत्र दरियाव सिंह ने गांव के छोटे लाल सिंह, बब्लू आदि पर करीब दो लाख रुपये कीमत के यूकेलिप्टस के पेड़ों को उनकी अनुमति के बिना कटवाकर महज 50 हजार रुपये में बेचने का आरोप लगाया है।

 

पीड़ित के मुताबिक, 28 तारीख की रात करीब दो बजे उनके खेत में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ों को कटवा दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल यूपी-112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया। आरोप है कि मौके पर पहुंची पुलिस ने लकड़ी को वहीं रुकवा दिया था।

 

अमरपाल का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में थाना मुजरिया में भी शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था। इसके बावजूद तीसरे दिन, यानी 30 तारीख को दोपहर करीब 12 बजे उनकी जानकारी के अनुसार पुलिस की मौजूदगी में लकड़ी दूसरे पक्ष को उठवा दी गई और ठेकेदार को सौंप दी गई।

 

पीड़ित ने पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उन्होंने स्वयं यूपी-112 पर फोन कर घटना की सूचना दी थी और पुलिस ने लकड़ी को मौके पर रुकवा दिया था, तो फिर उनकी शिकायत का निस्तारण किए बिना लकड़ी दूसरे पक्ष को कैसे उठवा दी गई।

 

पीड़ित ने मामले की शिकायत बदायूं एसएसपी सहित उच्चाधिकारियों से करने की बात कही है। अब देखना यह है कि संबंधित अधिकारी मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए क्या कार्रवाई करते हैं।