गुजरात को 2 नई रेल सेवाओं की सौगात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को दिखाएंगे हरी झंडी

गुजरात को 2 नई रेल सेवाओं की सौगात, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर को दिखाएंगे हरी झंडी

साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस से यूपी, राजस्थान और गुजरात के बीच बढ़ेगी कनेक्टिविटी, बहुचर माता के श्रद्धालुओं को भी मिलेगी सुविधा

अहमदाबाद। गुजरात में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 30 अक्टूबर को 2 नई रेल सेवाओं की शुरुआत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस और महेसाणा-बेचराजी-साबरमती मेमू ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इन दोनों रेल सेवाओं से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, औद्योगिक गतिविधियों और क्षेत्रीय आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने इन सेवाओं की शुरुआत को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि नई रेल सेवाओं से अंतरराज्यीय और क्षेत्रीय रेल संपर्क मजबूत होगा। साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस से काशी विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा, जबकि मेमू ट्रेन से उत्तर गुजरात के दैनिक यात्रियों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों को लाभ होगा।

साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस से 3 राज्यों को फायदा

ट्रेन संख्या 12205/12206 साबरमती-वाराणसी एक्सप्रेस गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को जोड़ेगी। यह ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी।

ट्रेन संख्या 12205 साबरमती से सुबह 5:20 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 12206 वाराणसी से शाम 5:30 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 8:15 बजे साबरमती पहुंचेगी।

मार्ग में ट्रेन महेसाणा, पालनपुर, आबूरोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, किशनगढ़, जयपुर, गांधीनगर जयपुर, बांदीकुई, मंडावर महवा रोड, खेड़ली, नदबई, भरतपुर, इदगाह आगरा जंक्शन, टूंडला जंक्शन, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज और मिर्जापुर सहित प्रमुख स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।

इस ट्रेन से धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी सहूलियत मिलेगी। गुजरात, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के बीच सामाजिक और व्यापारिक संपर्क बढ़ाने में भी यह सेवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

बहुचर माता मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

महेसाणा- बेचराजी-साबरमती मेमू सेवा शुरू होने से उत्तर गुजरात के यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। गुजरात के महेसाणा जिले में स्थित श्री बहुचर माता मंदिर में दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी यह सेवा उपयोगी साबित होगी।

मेमू ट्रेन सेवा से साबरमती, चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा, रणुज और महेसाणा जैसे प्रमुख स्टेशन जुड़ेंगे। इससे आसपास के गांवों के निवासियों, औद्योगिक कर्मचारियों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को भी आने-जाने में सुविधा मिलेगी।

सुबह और शाम दोनों समय मिलेगी ट्रेन

रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के अनुसार, सुबह की सेवा साबरमती से 6:40 बजे रवाना होकर सुबह 8:05 बजे बेचराजी और 9:45 बजे महेसाणा पहुंचेगी। वापसी में महेसाणा से शाम 4:40 बजे चलकर यह ट्रेन 5:49 बजे बेचराजी और रात 8:30 बजे साबरमती पहुंचेगी।

दूसरी सेवा साबरमती से शाम 5:05 बजे रवाना होकर शाम 6:48 बजे बेचराजी और रात 8:25 बजे महेसाणा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन महेसाणा से सुबह 7:05 बजे रवाना होकर 7:50 बजे बेचराजी और सुबह 10:20 बजे साबरमती पहुंचेगी।

दोनों सेवाएं चांदखेड़ा, कलोल, कड़ी, भोयाणी, कटोसन रोड, बेचराजी, चाणस्मा और रणुज स्टेशनों पर ठहरेंगी।

व्यापार और औद्योगिक विकास को मिलेगी गति

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इन नई सेवाओं से स्थानीय व्यापार, रोजगार, पर्यटन और औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। बेहतर रेल संपर्क से यात्रियों को सुविधाजनक और किफायती परिवहन विकल्प मिलेगा। साथ ही सड़क परिवहन पर निर्भरता कम करने और पर्यावरण के अनुकूल यात्रा को बढ़ावा देने में भी मदद मिल सकती है।

अहमदाबाद मंडल ने यात्रियों को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने तथा रेल नेटवर्क का विस्तार करने की प्रतिबद्धता जताई है।