कश्मीर के सेब कारोबारियों को रेलवे की बड़ी राहत, वापसी के भाड़े पर मिलेगी 50 प्रतिशत छूट

कश्मीर के सेब कारोबारियों को रेलवे की बड़ी राहत, वापसी के भाड़े पर मिलेगी 50 प्रतिशत छूट

सेब परिवहन पर रेलवे की विशेष छूट

श्रीनगर। कश्मीर के सेब उत्पादकों और फल व्यापारियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने विशेष पहल की है। रेलवे ने जेपीपी-आरसीएस ट्रेनों के माध्यम से पार्सल परिवहन को किफायती बनाने के लिए वापसी की यात्रा के भाड़े पर 50 प्रतिशत छूट देने की व्यवस्था पर चर्चा की है। इससे कश्मीरी सेब और अन्य बागवानी उत्पादों को देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने में व्यापारियों को मदद मिलेगी।

इस संबंध में 29 अक्टूबर 2026 को श्रीनगर स्थित उद्यानिकी योजना एवं विपणन निदेशक के कार्यालय में संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इसमें जम्मू मंडल के रेलवे अधिकारियों, बागवानी विभाग के विपणन अधिकारियों, सहायक ग्रेडिंग अधिकारियों और कार्गो एग्रीगेटर्स ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य रेलवे और बागवानी विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर फल परिवहन की व्यवस्था को सुगम बनाना रहा।

दोनों तरफ की बुकिंग पर मिलेगा लाभ

बैठक में रेलवे अधिकारियों ने प्रस्तावित व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि यदि कोई व्यापारी, एग्रीगेटर या लॉजिस्टिक्स सेवा प्रदाता जेपीपी-आरसीएस ट्रेनों में दोनों दिशाओं के लिए पार्सल कोच की अग्रिम बुकिंग करता है, तो उसे आने-जाने के कुल भाड़े के रूप में सामान्य एकतरफा दर का केवल 1.5 गुना भुगतान करना होगा। यानी वापसी की यात्रा के भाड़े पर 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।

इस व्यवस्था के तहत बुकिंग और भुगतान की प्रक्रिया मूल स्टेशन पर ही एक बार में पूरी की जा सकेगी। इससे व्यापारियों को बार-बार औपचारिकताएं पूरी करने से राहत मिलेगी और समय की बचत होगी।

सड़क के बजाय रेल परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर

बैठक में कश्मीरी सेब और अन्य बागवानी उत्पादों को रेल नेटवर्क के माध्यम से देश के विभिन्न बाजारों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि रियायती माल ढुलाई दरों से व्यापारियों की परिवहन लागत कम करने और रेल परिवहन को अधिक आकर्षक बनाने में मदद मिल सकती है।

बैठक के दौरान माल ढुलाई शुल्क, कार्गो की लोडिंग और हैंडलिंग, ट्रेनों के समय, बुकिंग तथा माल की प्राप्ति और वितरण जैसी व्यवस्थाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित पक्षों ने प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति जताई और इसे प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आपसी समन्वय को जरूरी बताया।

फल उत्पादकों को हरसंभव सहायता का भरोसा

उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने फल उत्पादकों और व्यापारियों को आश्वस्त किया कि रेल प्रशासन उनके उत्पादों के परिवहन को सुगम बनाने के लिए हरसंभव सहायता प्रदान करेगा। योजना की आगामी कार्ययोजना और अगले चरण की प्रगति के बारे में संबंधित पक्षों को जानकारी दी जाएगी।

रेलवे की इस पहल से कश्मीर के फल कारोबार को बेहतर परिवहन सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, किफायती माल ढुलाई व्यवस्था के माध्यम से सेब उत्पादकों और व्यापारियों को अपने उत्पाद समय पर बाजारों तक पहुंचाने में सहायता मिल सकती है।