नेरल–माथेरान के बीच 30 अक्टूबर से फिर दौड़ेगी मिनी ट्रेन, पर्यटकों को मिलेगी राहत

नेरल?माथेरान के बीच 30 अक्टूबर से फिर दौड़ेगी मिनी ट्रेन, पर्यटकों को मिलेगी राहत

मानसून के कारण बंद थीं ट्रेन सेवाएं, प्रतिदिन दोनों दिशाओं में चलेंगी 4 मिनी ट्रेनें

मुंबई। मध्य रेल ने नेरल और माथेरान के बीच मिनी ट्रेन सेवाएं 30 अक्टूबर 2026 से दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। मानसून के दौरान सुरक्षा की दृष्टि से जून से अक्टूबर तक इस मार्ग पर ट्रेन संचालन बंद रखा जाता है। अब सेवाएं बहाल होने से माथेरान घूमने जाने वाले पर्यटकों और यात्रियों को राहत मिलेगी।

मध्य रेल के अनुसार नेरल से माथेरान के लिए प्रतिदिन 2 ट्रेनें संचालित होंगी। ट्रेन संख्या 52103 नेरल से सुबह 08:50 बजे रवाना होकर 11:30 बजे माथेरान पहुंचेगी। वहीं, ट्रेन संख्या 52105 सुबह 10:25 बजे नेरल से चलकर दोपहर 01:05 बजे माथेरान पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 52104 माथेरान से दोपहर 02:45 बजे रवाना होकर शाम 05:30 बजे नेरल पहुंचेगी। ट्रेन संख्या 52106 माथेरान से शाम 04:00 बजे चलकर 06:40 बजे नेरल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ये सेवाएं प्रतिदिन उपलब्ध रहेंगी।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए अमन लॉज और माथेरान के बीच शटल सेवाओं की समय-सारणी भी जारी की है। अमन लॉज से माथेरान के लिए प्रतिदिन 6 शटल ट्रेनें चलेंगी। पहली ट्रेन सुबह 08:45 बजे रवाना होगी, जबकि आखिरी ट्रेन शाम 05:45 बजे चलेगी। शनिवार और रविवार को यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए 2 विशेष शटल सेवाएं भी संचालित की जाएंगी।

इसी प्रकार माथेरान से अमन लॉज के लिए प्रतिदिन 6 शटल सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पहली ट्रेन सुबह 08:20 बजे और आखिरी ट्रेन शाम 05:20 बजे रवाना होगी। शनिवार और रविवार को इस दिशा में भी 2 अतिरिक्त विशेष सेवाएं चलाई जाएंगी।

नेरल?माथेरान मार्ग पर चलने वाली मिनी ट्रेनों में यात्रियों की सुविधा के लिए अलग-अलग श्रेणियों के कोच लगाए जाएंगे। ट्रेन संख्या 52103 और 52104 में 3 द्वितीय श्रेणी कोच, 1 विस्टाडोम कोच और 2 द्वितीय श्रेणी सह लगेज वैन होंगे। वहीं, ट्रेन संख्या 52105 और 52106 में 3 द्वितीय श्रेणी कोच, 1 प्रथम श्रेणी कोच और 2 द्वितीय श्रेणी सह लगेज वैन लगाए जाएंगे।

मध्य रेल के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्नील निला ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले जारी समय-सारणी का ध्यान रखें। ट्रेन सेवाएं दोबारा शुरू होने से माथेरान जाने वाले पर्यटकों को आवागमन का सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।