जम्मू मंडल के लेखा विभाग में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की होगी पुनर्नियुक्ति, 3 पदों पर मांगे आवेदन

जम्मू मंडल के लेखा विभाग में सेवानिवृत्त रेलकर्मियों की होगी पुनर्नियुक्ति, 3 पदों पर मांगे आवेदन

वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (लेखा) के पदों पर होगी नियुक्ति, अधिकतम 64 वर्ष 6 माह आयु वाले सेवानिवृत्त कर्मचारी कर सकेंगे आवेदन

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने लेखा विभाग में कर्मचारियों की कमी दूर करने और वित्तीय प्रबंधन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति का निर्णय लिया है। इसके तहत वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी (लेखा) के 3 पदों पर योग्य सेवानिवृत्त रेलकर्मियों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। यह पहल रेलवे बोर्ड के दिशा-निर्देशों के तहत की जा रही है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, वर्ष 2025 में जम्मू मंडल के गठन के बाद कर्मचारियों की उपलब्धता और कार्य संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। इससे पहले वाणिज्य एवं परिचालन विभागों में लगभग 25 सेवानिवृत्त कर्मचारियों की पुनर्नियुक्ति की जा चुकी है। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए अब लेखा विभाग में नियुक्तियां की जाएंगी।

इन पदों के लिए वे सेवानिवृत्त कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं, जो संबंधित संवर्ग या श्रेणी से सेवानिवृत्त हुए हों। आवेदन की अंतिम तिथि तक उम्मीदवार की अधिकतम आयु 64 वर्ष 6 माह होनी चाहिए। पुनर्नियुक्ति अधिकतम 65 वर्ष की आयु तक ही मान्य होगी। संबंधित वेतन स्तर से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को चयन में प्राथमिकता दी जाएगी। ये पद वेतन स्तर 8 और 9 के अंतर्गत आते हैं।

चयन के लिए निर्धारित हैं ये शर्तें

आवेदकों की पिछले 5 वर्षों की वार्षिक प्रदर्शन मूल्यांकन रिपोर्ट (एपीएआर) में कम से कम ?गुड? ग्रेडिंग होना अनिवार्य है। इस भर्ती प्रक्रिया में कोई लिखित परीक्षा नहीं होगी। उम्मीदवारों का मूल्यांकन नामित समिति द्वारा उनके पिछले 5 वर्षों के प्रदर्शन, कार्य अनुभव, साक्षात्कार तथा सतर्कता और अनुशासनात्मक मामलों से संबंधित मंजूरी के आधार पर किया जाएगा।

अंतिम चयन से पहले रेलवे चिकित्सा प्राधिकरण द्वारा उम्मीदवार की चिकित्सकीय फिटनेस की जांच भी अनिवार्य होगी।

कहां करें संपर्क?

इच्छुक और पात्र सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारी आवेदन प्रक्रिया और विस्तृत जानकारी के लिए जम्मू मंडल कार्यालय में वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर सकते हैं। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य अनुभवी कर्मचारियों की सेवाओं का उपयोग करके लेखा विभाग के कामकाज को अधिक सुचारू और प्रभावी बनाना है।