सीआरपीएफ में नौकरी लगते ही बदले पति के तेवर, ससुराल पहुंची पत्नी से मारपीट का आरोप तीन बच्चों के साथ घर पहुंची महिला को दरवाजे पर रोका, सास-ससुर समेत अन्य लोगों पर लगाया पिटाई का आरोप

 

चकिया। चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के ढोढ़नपुर गांव में पारिवारिक विवाद का मामला सामने आया है। सुलेखा पत्नी आत्मा मौर्य ने आरोप लगाया है कि पति के सीआरपीएफ में चयन के बाद उसके प्रति व्यवहार बदल गया। 18 अक्टूबर को वह अपने दो बेटों और एक बेटी के साथ ससुराल पहुंची तो उसे घर में प्रवेश करने से रोक दिया गया। महिला ने सास-ससुर समेत अन्य लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है।

पीड़िता के अनुसार, शादी के समय उसके पति सरकारी नौकरी में नहीं थे। बाद में सीआरपीएफ में चयन होने के बाद उनके व्यवहार में बदलाव आया और पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। महिला का आरोप है कि इसी पारिवारिक कलह के बीच वह बच्चों को लेकर चकिया की कालिका धाम कॉलोनी से ढोढ़नपुर स्थित ससुराल पहुंची थी।

सुलेखा का आरोप है कि ससुर रामानंद मौर्य और सास सरस्वती देवी ने घर का मुख्य दरवाजा बंद कर रखा था और ताला लगा दिया था। अंदर जाने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने गांव के कुछ अन्य लोगों को भी बुला लिया और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। महिला ने जमीन पर घसीटने, लात-घूंसों से पीटने और हाथ पर दांत से काटने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता ने शिकायत में यह भी दावा किया है कि घटना के दौरान डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी। उसने पुलिस के सामने मारपीट होने का आरोप लगाते हुए अपनी और बच्चों की सुरक्षा की गुहार लगाई है।

महिला ने चकिया कोतवाली पुलिस और उच्चाधिकारियों से मामले में कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।