रेलवे ट्रैक पार करने वालों पर सख्ती, प्रयागराज मंडल में 1188 लोग गिरफ्तार

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत प्रवेश और पटरियां पार करने वालों के खिलाफ विशेष अभियान तेज कर दिया है। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत 1 जनवरी से 15 अक्टूबर 2026 तक कुल 1188 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।

रेल प्रशासन ने बताया कि रेलवे ट्रैक पार करना कानूनन अपराध होने के साथ जानलेवा भी है। तेज गति से आने वाली ट्रेन का सही अनुमान न लग पाने के कारण छोटी सी लापरवाही भी बड़ा हादसा बन सकती है।

गिरफ्तारियों में सबसे अधिक प्रयागराज जंक्शन (141), चुनार (120) और कानपुर सेंट्रल (119) में दर्ज की गईं। रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने के लिए केवल फुट ओवरब्रिज, सबवे या निर्धारित सुरक्षित मार्गों का ही उपयोग करें और सुरक्षित रेल यात्रा में सहयोग दें।