मुंबई से अयोध्या के बीच 24 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाएगा मध्य रेलवे, अमृत भारत रेक से होगा संचालन

मुंबई से अयोध्या के बीच 24 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाएगा मध्य रेलवे, अमृत भारत रेक से होगा संचालन

मुंबई-अयोध्या के बीच 24 विशेष ट्रेनें

मध्य रेलवे ने दशहरा दीपावली और छठ पूजा के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए मुंबई और अयोध्या के बीच 24 साप्ताहिक विशेष ट्रेन सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों का संचालन अमृत भारत रेक से किया जाएगा, जिससे यात्रियों को त्योहारों के दौरान आवागमन में सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 01045 लोकमान्य तिलक टर्मिनस से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सुबह 7:35 बजे रवाना होगी। यह सेवा 19 अक्टूबर से 27 नवंबर 2026 तक संचालित की जाएगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 10:15 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी। इस दिशा में कुल 12 सेवाएं चलाई जाएंगी।

वहीं, वापसी में गाड़ी संख्या 01046 अयोध्या कैंट से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को दोपहर 1:50 बजे रवाना होगी। इसका संचालन 20 अक्टूबर से 28 नवंबर 2026 तक किया जाएगा। ट्रेन अगले दिन शाम 5:15 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी 12 सेवाएं संचालित होंगी।

इन स्टेशनों पर होगा ठहराव

विशेष ट्रेनें कल्याण, इगतपुरी, नासिक रोड, मनमाड, भुसावल, खंडवा, इटारसी, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज जंक्शन, प्रतापगढ़ और सुल्तानपुर स्टेशनों पर रुकेंगी। इससे इन मार्गों के यात्रियों को भी त्योहारों के दौरान यात्रा करने का अतिरिक्त विकल्प मिलेगा।

ट्रेन में होंगे 22 कोच

अमृत भारत रेक से चलने वाली इन विशेष ट्रेनों में 8 शयनयान श्रेणी, 11 सामान्य द्वितीय श्रेणी, 1 पेंट्रीकार और 2 द्वितीय श्रेणी सह गार्ड ब्रेक वैन सहित कुल 22 कोच होंगे।

रेलवे ने बताया कि गाड़ी संख्या 01045 के आरक्षित टिकटों की बुकिंग सभी कंप्यूटरीकृत आरक्षण केंद्रों और आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकती है। अनारक्षित कोच के टिकट सामान्य किराये पर यूटीएस प्रणाली से बुक किए जा सकेंगे। यात्री रेलवन ऐप के माध्यम से भी टिकट बुक कर सकते हैं।

ट्रेनों के ठहराव और समय की विस्तृत जानकारी के लिए यात्री रेलवे की पूछताछ वेबसाइट या एनटीईएस ऐप का उपयोग कर सकते हैं। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. स्वप्निल नीला ने यह जानकारी दी।