हरदोई मेडिकल कॉलेज से भागा बाल अपचारी, पुलिसकर्मियों ने 300 मीटर दूर दौड़ाकर पकड़ा, दवा की जानकारी लेते समय चकमा देकर भागा

हरदोई। बाल संप्रेक्षण गृह से उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया एक बाल अपचारी पुलिसकर्मियों को चकमा देकर भागने लगा। किशोर के भागते ही पुलिसकर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और करीब 300 मीटर दूर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिसकर्मी उसे दोबारा बाल संप्रेक्षण गृह ले गए।
जानकारी के अनुसार, बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध किशोर को पिछले 10 दिनों से शौच नहीं होने की शिकायत थी। इस परेशानी के चलते उसे उपचार के लिए हरदोई मेडिकल कॉलेज लाया गया था। यहां ओपीडी में चिकित्सक से परामर्श लेने के बाद पुलिसकर्मी दवा और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी लेने में जुट गए।
इसी दौरान किशोर ने मौका पाकर पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और भीड़ के बीच से निकलकर भागने लगा। किशोर को भागते देख पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसका पीछा शुरू कर दिया। सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर करीब 300 मीटर की दूरी पर उसे पकड़ लिया।
पुलिसकर्मियों की तत्परता के चलते किशोर ज्यादा दूर नहीं जा सका। उसे पकड़ने के बाद पुलिस टीम वापस मेडिकल कॉलेज परिसर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे बाल संप्रेक्षण गृह ले गई।
सब-इंस्पेक्टर दिनेश प्रसाद मिश्रा के मुताबिक, किशोर को 10 दिन से शौच नहीं होने की शिकायत पर उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। ओपीडी में इलाज के बाद पुलिसकर्मी दवा की जानकारी ले रहे थे, तभी किशोर भीड़ का फायदा उठाकर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।