भागवत कथा के चौथे दिन श्रीकृष्ण जन्मोत्सव की कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

भीकमपुरा में गूंजे श्रीकृष्ण जन्म के जयकारे, भक्ति में सराबोर हुआ कथा पंडाल

रामपुरा (जालौन)। विकासखंड रामपुरा क्षेत्र के ग्राम भीकमपुरा स्थित प्राचीन शंकर जी के मंदिर पर आयोजित श्रीमद्भागवत कथा के चौथे दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की कथा सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाया गया, जिसे सुनकर श्रद्धालु भक्ति भाव में डूब गए। कथा स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जयकारे लगाए।

 

कथा का रसपान कराते हुए चित्रकूट धाम की जिज्ञासु रामायणी कुटी के कथा व्यास स्वामी श्री 1008 श्री राम हृदय दास जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म की पावन कथा का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने श्रीकृष्ण की लीलाओं और उनके जन्म के आध्यात्मिक महत्व को विस्तार से समझाया। कथा सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो गए।

 

यह श्रीमद्भागवत कथा 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित की जा रही है। कथा के आयोजक राम जी पांडेय, श्रीमती सुशीला पांडेय, परीक्षित शैलेंद्र पांडेय एवं उषा पांडेय हैं। आयोजकों के अनुसार, 8 अक्टूबर को विधि-विधान के साथ पूर्णाहुति एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

आयोजकों ने क्षेत्र के श्रद्धालुओं से कथा श्रवण करने तथा पूर्णाहुति एवं भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।