जम्मू मंडल में हिंदी पखवाड़े का समापन, 45 रेलकर्मी पुरस्कार से सम्मानित

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में हिंदी पखवाड़ा-2026 का समापन समारोह मंडल कार्यालय के सभागार में आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार ने की। इस दौरान हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के बेहतर प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

हिंदी पखवाड़े के दौरान जम्मू मंडल में निबंध लेखन, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, काव्य पाठ और प्रश्नोत्तरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा श्री माता वैष्णो देवी कटरा में हिंदी कार्यशाला और राजभाषा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। मंडल के अलग-अलग विभागों और कार्यस्थलों से बड़ी संख्या में रेल कर्मचारियों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल 45 रेल कर्मचारियों को विजेता घोषित कर पुरस्कार प्रदान किए गए। समारोह में मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने विजेता कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि हिंदी केवल राजभाषा ही नहीं, बल्कि सरकारी और कार्यालयीन कार्यों को सरल एवं प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। उन्होंने रेल कर्मचारियों से दैनिक कार्यों में अधिक से अधिक हिंदी का प्रयोग करने का आह्वान किया।

समापन समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक, सभी शाखा अधिकारी, राजभाषा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और विभिन्न विभागों के रेलकर्मी मौजूद रहे।