चिनाब और अंजी ब्रिज पहुंचे रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना, निर्माण कार्यों का लिया जायजा

जम्मू। रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने शुक्रवार को जम्मू मंडल के दौरे के दौरान ऊधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक परियोजना के तहत बनाए गए चिनाब और अंजी रेल पुलों का निरीक्षण किया। मंत्री ने विंडो ट्रेलिंग के माध्यम से दोनों महत्वपूर्ण पुलों का जायजा लिया और निर्माण की गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों की सराहना की।

चिनाब रेल पुल 359 मीटर ऊंचाई के साथ दुनिया का सबसे ऊंचा सिंगल आर्च रेलवे ब्रिज है, जबकि अंजी पुल भारत का पहला केबल स्टे रेल ब्रिज है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने जम्मू मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों की भी जानकारी ली और प्रस्तावित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

रेल राज्य मंत्री ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जम्मू तवी, श्री माता वैष्णो देवी कटरा और उधमपुर समेत कई स्टेशनों के पुनर्विकास का काम तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि यात्री सुविधाओं के विस्तार और माल लदान क्षमता बढ़ाने के साथ यूएसबीआरएल खंड के पूर्ण संचालन के बाद कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से निर्बाध रेल संपर्क से जोड़ने की दिशा में कार्य अंतिम चरण में है।

इस अवसर पर जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने रेल कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और स्वच्छ रेल सेवा उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।