मुंबई में 4 अक्टूबर को मेगा ब्लॉक, कई लोकल ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल द्वारा विभिन्न इंजीनियरिंग एवं रखरखाव कार्यों के लिए रविवार, 4 अक्टूबर को उपनगरीय रेल खंडों पर मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते मुख्य लाइन और हार्बर लाइन की कई लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

मुख्य लाइन पर सीएसएमटी से विद्याविहार के बीच अप और डाउन धीमी लाइनों पर सुबह 10:55 बजे से दोपहर 3:55 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान सीएसएमटी से सुबह 10:48 बजे से दोपहर 3:45 बजे के बीच रवाना होने वाली डाउन धीमी लोकल ट्रेनों को फास्ट लाइन से चलाया जाएगा। वहीं घाटकोपर से सुबह 10:19 बजे से दोपहर 3:52 बजे के बीच रवाना होने वाली अप धीमी लोकल सेवाओं को भी फास्ट लाइन पर डायवर्ट किया जाएगा।

हार्बर लाइन पर पनवेल-वाशी के बीच अप और डाउन लाइन पर सुबह 11:05 बजे से शाम 4:05 बजे तक ब्लॉक रहेगा। इसके कारण पनवेल से सीएसएमटी जाने वाली तथा सीएसएमटी से बेलापुर और पनवेल जाने वाली कई सेवाएं रद्द रहेंगी।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर भी पनवेल और ठाणे के बीच कई लोकल सेवाएं ब्लॉक के दौरान रद्द रहेंगी। हालांकि सीएसएमटी मुंबई-वाशी के बीच विशेष लोकल ट्रेनें चलाई जाएंगी। ठाणे-वाशी और ठाणे-नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। पोर्ट लाइन की सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होंगी।

मध्य रेल के अनुसार मेगा ब्लॉक रेल बुनियादी ढांचे के रखरखाव और यात्री संरक्षा के लिए आवश्यक है। रेलवे ने यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।