इंजीनियरिंग कार्य के चलते जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस बदले मार्ग से चलेगी

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में समदड़ी-लूणी रेलखंड पर होने वाले इंजीनियरिंग कार्य के कारण जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस समेत संबंधित ट्रेनें निर्धारित मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी। समदड़ी-लूणी खंड के दूदिया एवं दुंदाड़ा यार्ड में सबवे निर्माण और समदड़ी यार्ड में फुट ओवरब्रिज की शुरुआत का कार्य किया जाना है।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 20486 साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस 4, 6, 11, 16 और 23 अक्टूबर 2026 को अपने निर्धारित मार्ग महेसाणा-भीलड़ी-लूणी के स्थान पर महेसाणा-मारवाड़ जंक्शन-लूणी के रास्ते संचालित होगी। परिवर्तित मार्ग के दौरान ट्रेन का ठहराव पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर रहेगा।

इसी प्रकार ट्रेन संख्या 20485 जैसलमेर-साबरमती एक्सप्रेस भी 4, 6, 11, 16 और 23 अक्टूबर को निर्धारित मार्ग लूणी-भीलड़ी-महेसाणा के बजाय लूणी-मारवाड़ जंक्शन-महेसाणा के रास्ते चलेगी। इस दौरान ट्रेन पाली मारवाड़, मारवाड़ जंक्शन, फालना, आबू रोड और पालनपुर स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन के परिवर्तित मार्ग, ठहराव और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। ट्रेन के समय, ठहराव और संचालन से जुड़ी विस्तृत जानकारी रेलवे की पूछताछ सेवा पर उपलब्ध है।