खारिया खंगार से पहली बार शुरू हुआ चूना पत्थर का रेल लदान, रेलवे को मिलेगा 41.35 लाख का मालभाड़ा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने माल लदान के क्षेत्र में नई उपलब्धि हासिल की है। रेलवे की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के प्रयासों और ग्राहक-केंद्रित नीतियों के तहत खारिया खंगार रेलवे स्टेशन से पहली बार चूना पत्थर का व्यावसायिक लदान शुरू किया गया है।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, खारिया खंगार से पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल स्थित मंगलम सीमेंट लिमिटेड के लिए चूना पत्थर से भरी मालगाड़ी का लदान किया जा रहा है। 21 सितंबर को पहला रेक सफलतापूर्वक लोड कर रवाना किया गया। इस माह दो अतिरिक्त रेक भी लोड करने की योजना है।

खारिया खंगार से कोटा तक मालगाड़ी करीब 539 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। एक रेक के परिवहन से रेलवे को लगभग 41.35 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त होगा।

इसके अलावा जोधपुर मंडल के सोजत रोड, सोनू और बदवासी स्टेशनों से भी चूना पत्थर का लदान किया जा रहा है। नए लदान से रेलवे के मालभाड़ा राजस्व में वृद्धि के साथ स्थानीय खनिज उद्योग, रोजगार और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। यह पहल देश के औद्योगिक और बुनियादी ढांचे के विकास में भी योगदान देगी।