कटघर में दो तस्कर गिरफ्तार, 1.235 किलो चरस और 32 ग्राम स्मैक बरामद

कटघर पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा, 1.235 किलो चरस और 32 ग्राम स्मैक बरामद

मुरादाबाद। कटघर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1235 ग्राम चरस और 32 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और स्मैक तौलने वाला इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी पुलिस ने बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर की रात करीब 12:30 बजे कटघर थाना क्षेत्र के नजीर की मड़ैया के पास रेलवे लाइन के बराबर कच्चे रास्ते पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विक्रम पुत्र रामचरण, निवासी हिमगिरी कॉलोनी, स्विमिंग पूल के पास, थाना सिविल लाइन, मूल निवासी डबल फाटक भोलानाथ कॉलोनी थाना कटघर, उम्र करीब 28 वर्ष और राहुल पुत्र श्याम लाल, निवासी चक्कर की मिल्क कुएं के पास, थाना सिविल लाइन, उम्र करीब 26 वर्ष को गिरफ्तार किया।

तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 1235 ग्राम अवैध चरस और 32 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल, एक सैमसंग मोबाइल फोन और स्मैक तौलने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला विर्गो कंपनी का छोटा इलेक्ट्रॉनिक कांटा भी बरामद किया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 555/2026, धारा 8/20/21/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों की गिरफ्तारी 21 सितंबर 2026 को रात करीब 2:05 बजे की गई। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सुनील राठी, उपनिरीक्षक गौरव राठौर, हेड कांस्टेबल 560 देवेंद्र कुमार, कांस्टेबल 386 भारत कुमार और कांस्टेबल 1073 मोहित कुमार शामिल रहे।