वंदे भारत में यात्रियों के सफर को मिलेगा नया रंग, ‘ट्रैवल भारत’ पत्रिका का शुभारंभ

जम्मू। श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा से नई दिल्ली के बीच चलने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रियों के यात्रा अनुभव को और अधिक रोचक एवं यादगार बनाने की दिशा में नई पहल की गई है। जम्मू मंडल की ओर से गाड़ी संख्या 22477/22478 श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस में प्रीमियम द्विभाषी जीवनशैली एवं यात्रा पत्रिका ?ट्रैवल भारत? का शुभारंभ किया गया है।

पत्रिका का वितरण शुरू हो चुका है। यात्रा के दौरान यात्री इसमें देश के विभिन्न पर्यटन स्थलों, यात्रा से जुड़ी जानकारी, जीवनशैली और रोचक सामग्री का आनंद ले सकेंगे। इससे यात्रियों को सफर के दौरान मनोरंजन के साथ भारत के विभिन्न क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों को जानने का अवसर भी मिलेगा।

जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने इस पहल को यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि ?ट्रैवल भारत? का उद्देश्य ऐसी पत्रिका उपलब्ध कराना है, जो यात्रा के दौरान पढ़ने के साथ यात्रियों को भारत के विभिन्न स्थलों की खोज के लिए भी प्रेरित करे।

उन्होंने कहा कि यात्रा केवल गंतव्य तक पहुंचने का माध्यम नहीं, बल्कि रास्ते में नए विचारों, स्थानों, लोगों और कहानियों से जुड़ने का अवसर भी है। ?ट्रैवल भारत? के माध्यम से यात्रियों की यात्रा को और अधिक आकर्षक एवं यादगार बनाने का प्रयास किया गया है।

वंदे भारत एक्सप्रेस में इस नई पहल से यात्रियों को आधुनिक रेल यात्रा के साथ ज्ञान, मनोरंजन और पर्यटन की नई अनुभूति मिलेगी। यह पहल यात्रियों को बेहतर और समृद्ध यात्रा अनुभव उपलब्ध कराने की दिशा में जम्मू मंडल की सकारात्मक पहल के रूप में सामने आई है।