भादरवी पूनम मेले के लिए असारवा-खेड़ब्रह्मा के बीच मेला स्पेशल ट्रेन शुरू

अहमदाबाद। खेड़ब्रह्मा में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध भादरवी पूनम मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने असारवा और खेड़ब्रह्मा के बीच विशेष मेला ट्रेन का संचालन शुरू कर दिया है। यह अनारक्षित विशेष ट्रेन 19 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन संचालित की जाएगी।

साबरकांठा की सांसद शोभनाबेन बारैया और अहमदाबाद पश्चिम के सांसद दिनेशभाई मकवाना ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष ट्रेन चलाने का अनुरोध अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश से किया था। इसके बाद मंडल द्वारा यह विशेष ट्रेन शुरू की गई है।

ट्रेन संख्या 09405 असारवा-खेड़ब्रह्मा स्पेशल प्रतिदिन सुबह 9:35 बजे असारवा से रवाना होगी। यह ट्रेन नरोडा में 9:43/9:45 बजे, हिम्मतनगर में 10:58/11:00 बजे और वडाली में 11:40/11:42 बजे ठहरेगी तथा 12:10 बजे खेड़ब्रह्मा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 09406 खेड़ब्रह्मा-असारवा स्पेशल दोपहर 3:35 बजे खेड़ब्रह्मा से रवाना होगी। यह वडाली में 3:43/3:45 बजे, हिम्मतनगर में 4:23/4:25 बजे और नरोडा में 5:23/5:25 बजे रुकेगी तथा शाम 6:10 बजे असारवा पहुंचेगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन का ठहराव नरोडा, हिम्मतनगर और वडाली स्टेशनों पर होगा। ट्रेन 8 कोच वाली मेमू रेक से संचालित की जाएगी और सभी कोच अनारक्षित द्वितीय श्रेणी के होंगे। रेलवे के अनुसार, इस विशेष ट्रेन से भादरवी पूनम मेले में आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।