जम्मू तवी स्टेशन पर बदली प्रवेश-निकास व्यवस्था, यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने किए विशेष इंतजाम

जम्मू। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास कार्यों के बीच यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए नई प्रवेश-निकास व्यवस्था लागू की गई है। यह व्यवस्था 16 सितंबर 2026 से लागू हुई है और पुनर्विकास कार्य पूरा होने तक अस्थायी रूप से प्रभावी रहेगी।

नई व्यवस्था के तहत यात्रियों के स्टेशन में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म नंबर-1 की ओर का रास्ता निर्धारित किया गया है, जबकि यात्रा पूरी कर स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों के लिए सेकंड साइड यानी नरवाल साइड को निकास मार्ग बनाया गया है।

यात्रियों को नई व्यवस्था के कारण किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जम्मू मंडल की ओर से व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मंडल के अधिकारी लगातार स्टेशन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए प्रवेश द्वार, निकास द्वार, प्लेटफॉर्म और सर्कुलेटिंग एरिया समेत प्रमुख स्थानों पर 24 घंटे निगरानी की जा रही है।

यात्रियों के मार्गदर्शन के लिए स्टेशन के प्रमुख स्थानों पर वाणिज्य विभाग के जांच कर्मचारियों, स्काउट्स एवं गाइड्स के स्वयंसेवकों, रेलवे सुरक्षा बल तथा राजकीय रेलवे पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। ये कर्मचारी यात्रियों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के साथ उन्हें निर्धारित मार्ग की ओर भेज रहे हैं।

नरवाल साइड के निकास द्वार पर ऑटो और अन्य परिवहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो। इसके अलावा स्टेशन परिसर में स्पष्ट दिशा-सूचक बोर्ड लगाए गए हैं और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से लगातार यात्रियों को नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है।

जम्मू मंडल ने यात्रियों से नई प्रवेश-निकास व्यवस्था का पालन करने और रेलवे प्रशासन को सहयोग करने की अपील की है। रेलवे के अनुसार पुनर्विकास कार्य पूरा होने के बाद जम्मू तवी स्टेशन को आधुनिक और बेहतर यात्री सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा.