इज्जतनगर मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ का शुभारंभ, अधिकारियों और रेलकर्मियों ने ली स्वच्छता की शपथ

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में देशव्यापी स्वच्छता अभियान के तहत गुरुवार को ?स्वच्छ पाठशाला-युवा के लिए स्वच्छता? दिवस मनाया गया। इस अवसर पर गोरखपुर मुख्यालय से पहुंचे प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा, अपर मंडल रेल प्रबंधक मनोज कुमार, शाखाधिकारियों और रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर ?स्वच्छता ही सेवा-2026? अभियान का शुभारंभ किया।

प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी मनोज कुमार ने रेलकर्मियों से स्वच्छता के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। उन्होंने प्रत्येक वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर स्वच्छता में योगदान देने का संकल्प दिलाया। अभियान में रेलवे कर्मचारियों के साथ गैर सरकारी संगठनों, यूनियन, एसोसिएशन और स्काउट-गाइड्स की सहभागिता पर भी जोर दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा ने कहा कि स्वच्छता पखवाड़े के दौरान रेलवे स्टेशनों, रेल परिसरों, प्रसाधनों, ट्रेनों और रेल पटरियों को स्वच्छ रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्टेशन और ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखना केवल रेलकर्मियों की ही नहीं, बल्कि रेल यात्रियों की भी जिम्मेदारी है। इसके लिए यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं को लगातार जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत यात्रियों, रेलकर्मियों और विक्रेताओं को स्वच्छता, उचित अपशिष्ट निस्तारण और प्लास्टिक मुक्त भारत के प्रति जागरूक किया गया। स्वच्छता का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेल परिसरों में ?स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत? थीम वाले पोस्टर, बैनर और फ्लेक्स लगाए गए।

इज्जतनगर मंडल के प्रमुख स्टेशनों पीलीभीत, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद और कन्नौज सहित अन्य स्टेशनों पर व्यापक श्रमदान किया गया। इस दौरान प्लेटफार्मों और स्टेशन परिसर की गहन सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया.