चाय के पांच रुपये की जगह वसूले 10, रेलवे ने लगाया 2500 रुपये जुर्माना, तीन दिन के लिए स्टॉल निलंबित

जोधपुर। यात्रियों से खानपान सामग्री के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने वाले विक्रेताओं पर उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने सख्ती शुरू कर दी है। स्टेशनों और ट्रेनों में ओवरचार्जिंग की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए रेलवे की ओर से खानपान स्टॉलों की निगरानी और जांच बढ़ाई जा रही है।

इसी अभियान के तहत मोदरान रेलवे स्टेशन पर चाय के निर्धारित मूल्य से अधिक राशि वसूलने की शिकायत सामने आई। शिकायत के अनुसार, चाय की निर्धारित कीमत पांच रुपये होने के बावजूद यात्री से 10 रुपये वसूले गए। मामले की जांच कराई गई तो शिकायत सही पाई गई।

इसके बाद रेलवे प्रशासन ने संबंधित खानपान विक्रेता के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 2500 रुपये का जुर्माना वसूला। साथ ही संबंधित स्टॉल को तीन दिन के लिए निलंबित कर दिया गया। कार्रवाई के बाद रेलवे ने स्पष्ट किया कि यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलने वालों को किसी भी स्थिति में छूट नहीं दी जाएगी।

सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने कहा कि यात्रियों से निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना गंभीर अनियमितता है। जोधपुर मंडल में खानपान स्टॉल और ट्रेनों में लगातार निगरानी की जा रही है। ओवरचार्जिंग की शिकायत मिलने पर उसकी जांच कर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि किसी खानपान विक्रेता द्वारा निर्धारित मूल्य से अधिक राशि मांगी जाती है तो तत्काल रेलवे के अधिकृत शिकायत माध्यमों पर इसकी सूचना दें। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे के इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को खानपान सामग्री उचित और निर्धारित दर पर उपलब्ध कराना तथा स्टेशन और ट्रेनों में पारदर्शी एवं यात्री हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित करना है। मंडल की ओर से स्पष्ट किया गया है कि ओवरचार्जिंग के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।