हिंदी दिवस पर बाबा इंटरनेशनल स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन

हिंदी दिवस पर बाबा इंटरनेशनल स्कूल में विशेष प्रार्थना सभा एवं विविध कार्यक्रमों का आयोजन

बिल्सी। हिंदी दिवस के अवसर पर नगर स्थित बाबा इंटरनेशनल स्कूल में 14 सितंबर 2026 को हिंदी भाषा के प्रति सम्मान, प्रेम और गौरव की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष प्रार्थना सभा एवं विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ हिंदी प्रार्थना के साथ हुआ।

विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की महत्ता, समृद्ध विरासत तथा भारतीय संस्कृति में उसके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपराओं, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने वाली समृद्ध भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को दैनिक जीवन में शुद्ध एवं प्रभावशाली हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से मातृभाषा के सम्मान, हिंदी के प्रति बढ़ते आकर्षण तथा अधिकाधिक हिंदी प्रयोग का संदेश दिया गया। विद्यार्थियों के सजीव अभिनय और प्रभावशाली संवादों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया और तालियों की गड़गड़ाहट से उनका उत्साहवर्धन किया गया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा, देशप्रेम, संस्कार, प्रकृति और राष्ट्र की विविधता जैसे विषयों पर स्वरचित एवं प्रसिद्ध कविताओं की सुंदर प्रस्तुतियां दीं। काव्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को साहित्यिक एवं भावनात्मक रंग प्रदान किया।

हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की रचनात्मकता एवं लेखन-कौशल को प्रोत्साहित करने के लिए हिंदी सुलेख प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने सुंदर, स्पष्ट एवं आकर्षक हिंदी लेखन का प्रदर्शन करते हुए उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता में कक्षा 1 से अरनिवा यादव, कक्षा 2 से आदर्श, कक्षा 3 से कृतिका यादव, कक्षा 4 से वेद यादव, कक्षा 5 से नंदनी, कक्षा 6 से लक्ष्मी, कक्षा 7 से उन्नति शंखधार, कक्षा 8 से नित्या शर्मा तथा कक्षा 10 से भक्ति वार्ष्णेय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

विद्यालय के डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय एवं निदेशिका साधना वार्ष्णेय ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ उन्हें अपनी भाषा, संस्कृति और विरासत के महत्व से परिचित कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग, शुद्ध उच्चारण एवं सुंदर लेखन के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने कहा कि हिंदी दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि और सम्मान की भावना विकसित करना है। हिंदी हमारी भावनाओं की वाहिका, संस्कृति और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि हिंदी का प्रयोग केवल हिंदी दिवस तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष बोलचाल, लेखन एवं दैनिक कार्यों में किया जाना चाहिए।

इस अवसर पर विद्यालय प्रशासक अमित माहेश्वरी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।