ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: ट्रेन में गुमसुम मिला 15 वर्षीय बच्चा, रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते: ट्रेन में गुमसुम मिला 15 वर्षीय बच्चा, रेलवे सुरक्षा बल ने सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन को सौंपा

घर से नाराज होकर बड़े पापा के पास दिल्ली जा रहा था बच्चा, 139 हेल्पलाइन पर मिली सूचना के बाद आरपीएफ ने दिखाई तत्परता

प्रयागराज। ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत रेलवे सुरक्षा बल ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेन में अकेले सफर कर रहे 15 वर्षीय बच्चे को सुरक्षित बरामद कर चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज को सौंप दिया। बच्चे के सकुशल मिलने के बाद उसे उचित देखरेख और संरक्षण के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया।

जानकारी के अनुसार 13 सितंबर को मंडल नियंत्रण कार्यालय प्रयागराज को 139 हेल्पलाइन के माध्यम से सूचना मिली कि गाड़ी संख्या 13697 दिल्ली-अमृत भारत एक्सप्रेस के डी-8 कोच में एक बच्चा गुमसुम अवस्था में बैठा है। सूचना मिलते ही रैक सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार गौड़ को मामले से अवगत कराया गया।

ट्रेन के रात करीब 11:25 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर पहुंचते ही रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने संबंधित कोच को अटेंड किया। यहां बच्चा सुरक्षित मिला। आरपीएफ कर्मियों ने बच्चे को ट्रेन से उतारकर रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सूबेदारगंज पहुंचाया।

पूछताछ में बच्चे ने अपना निवास कैमूर, बिहार बताया। उसने बताया कि वह घर से नाराज होकर नई दिल्ली में रहने वाले अपने बड़े पापा के पास जाने के लिए ट्रेन में सवार हुआ था।

मामले की जानकारी संबंधित थाना और चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज को दी गई। इसके बाद चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट सूबेदारगंज पहुंची। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सहायक उप निरीक्षक राजेश यादव ने कांस्टेबल शिव प्रकाश की मौजूदगी में बच्चे को सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्पलाइन प्रयागराज के सुपुर्द कर दिया।

रेलवे सुरक्षा बल की त्वरित कार्रवाई से एक नाबालिग बच्चे को समय रहते सुरक्षित बरामद कर उचित देखरेख और संरक्षण उपलब्ध कराया गया। आरपीएफ की इस तत्परता को ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत बच्चों की सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

अमित कुमार सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, प्रयागराज मंडल, उत्तर मध्य रेलवे ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों और विशेषकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर लगातार सतर्कता बरत रहा है।