रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का शानदार प्रदर्शन, 2 स्वर्ण समेत 5 पदक जीते

बिलासपुर। चित्तरंजन, पश्चिम बंगाल में 7 से 9 सितंबर 2026 तक आयोजित 16वीं अखिल भारतीय रेलवे तीरंदाजी चैंपियनशिप 2026-27 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 5 पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदक जीतकर 13 रेलवे जोन की पदक तालिका में तीसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की ओर से कुल 10 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इनमें छह रिकर्व और चार कंपाउंड वर्ग के तीरंदाज शामिल रहे। रिकर्व वर्ग में तीन पुरुष और तीन महिला खिलाड़ियों ने, जबकि कंपाउंड वर्ग में एक पुरुष और तीन महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।

महिला रिकर्व टीम ने जीता स्वर्ण

महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में माधवी चौहान, मधु वेदवान और वितासा ठाकुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में 5-3 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज की और स्वर्ण पदक हासिल किया।

वहीं, मिश्रित रिकर्व टीम स्पर्धा में माधवी चौहान और पवन की जोड़ी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबला 5-3 सेट प्वाइंट से जीतकर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खाते में दूसरा स्वर्ण पदक जोड़ा।

तीन कांस्य पदक भी जीते

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में तीन कांस्य पदक भी हासिल किए। महिला व्यक्तिगत रिकर्व 70 मीटर ओवरऑल स्पर्धा में माधवी चौहान ने 640 अंक हासिल कर कांस्य पदक जीता।

महिला व्यक्तिगत ओलंपिक राउंड में वितासा ठाकुर ने 6-4 सेट प्वाइंट से जीत दर्ज कर कांस्य पदक अपने नाम किया। वहीं, पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा में पवन, जसकीरत सेखों और शिवनाथ नागेशिया की टीम ने कांस्य पदक मुकाबले में 6-0 से शानदार जीत दर्ज की।

खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा का परिणाम

दो स्वर्ण और तीन कांस्य पदकों के साथ तीसरा स्थान हासिल करना दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन रेलवे स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में उनकी मेहनत, निरंतर अभ्यास और खेल प्रतिभा को दर्शाता है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे क्रीड़ा संघ के पदाधिकारियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी विजेता खिलाड़ियों एवं उनके प्रशिक्षकों को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी राष्ट्रीय और उच्चस्तरीय प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।