सुचिपिंड में ‘रेलवन ऐप’ को लेकर जागरूकता अभियान, 50 कर्मचारियों के मोबाइल में कराया गया इंस्टॉल

फिरोजपुर। डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा देने और रेल यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा का अनुभव देने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल की ओर से सुचिपिंड स्थित इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड और भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड की साइडिंग में रेलवन ऐप के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान वहां मौजूद कर्मचारियों को रेलवन ऐप की उपयोगिता और इसके विभिन्न लाभों की जानकारी दी गई। इस दौरान करीब 50 कर्मचारियों के मोबाइल फोन में रेलवन ऐप इंस्टॉल कराया गया और उन्हें डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

रेल प्रशासन ने बताया कि रेलवन ऐप के माध्यम से टिकट खरीदना तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक है। डिजिटल टिकटिंग से यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतार में लगने से राहत मिलती है। साथ ही छुट्टे पैसे रखने की परेशानी भी दूर होती है और टिकट बुकिंग पर 3 प्रतिशत की छूट का लाभ भी मिलता है।

फिरोजपुर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक डिजिटल माध्यम से टिकट खरीदें और रेलवन ऐप का उपयोग करें। मंडल के अनुसार, डिजिटल टिकटिंग न केवल यात्रियों की सुविधा बढ़ा रही है, बल्कि कागज की बचत के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान दे रही है।