जम्मू लॉबी में स्थापित होगा अत्याधुनिक डेस्कटॉप सिमुलेटर, लोको पायलटों को मिलेगा विश्वस्तरीय प्रशिक्षण

जम्मू। सुरक्षित एवं कुशल रेल संचालन को और मजबूत बनाने की दिशा में उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने महत्वपूर्ण पहल की है। मंडल में लोको पायलटों के प्रशिक्षण और कार्यकुशलता को बढ़ाने के लिए जम्मू लॉबी में अत्याधुनिक डेस्कटॉप सिमुलेटर स्थापित किया जाएगा। इससे लोको पायलटों को अपने कार्यस्थल पर ही आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षण की सुविधा मिल सकेगी।

डेस्कटॉप सिमुलेटर के जरिए लोको पायलटों को वास्तविक रेल परिचालन जैसी परिस्थितियों का आभासी अनुभव कराया जाएगा। इसमें घने कोहरे, भारी बारिश, भूस्खलन, सिग्नल संबंधी समस्या और अन्य विषम परिस्थितियों में सुरक्षित तरीके से ट्रेन संचालन का अभ्यास कराया जा सकेगा।

सिमुलेटर पर सिग्नलिंग, ब्रेकिंग और लोकोमोटिव संचालन का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। साथ ही ब्रेक फेल होने, ट्रेन के निर्धारित स्थान से आगे निकलने या ट्रैक पर अचानक बाधा आने जैसी आपात स्थितियों में तत्काल और सुरक्षित निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित की जाएगी।

इस आधुनिक प्रशिक्षण प्रणाली का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि लोको पायलट बिना वास्तविक ट्रेन संचालन को प्रभावित किए बार-बार अभ्यास कर सकेंगे। इससे प्रशिक्षण अधिक सुरक्षित, किफायती और प्रभावी बनेगा। नए लोको पायलटों के कौशल विकास के साथ अनुभवी पायलटों के लिए पुनश्चर्या प्रशिक्षण में भी इसका उपयोग किया जा सकेगा।

जम्मू मंडल की ओर से लोको पायलटों के मानसिक स्वास्थ्य और कल्याण को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में प्रशिक्षण सुविधाओं को आधुनिक तकनीक से मजबूत करने की यह पहल कर्मचारियों के आत्मविश्वास और निर्णय क्षमता को बढ़ाने में सहायक होगी।

रेल प्रशासन का मानना है कि आधुनिक सिमुलेटर प्रशिक्षण से लोको पायलटों की कार्यकुशलता बढ़ेगी और यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत आधार मिलेगा। जम्मू मंडल भारतीय रेल के ?सुरक्षा सर्वोपरि? लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयासरत है।