प्रयागराज मंडल में डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा, यूटीएस काउंटरों पर डिजिटल भुगतान 17.23 प्रतिशत पहुंचा

प्रयागराज मंडल में डिजिटल टिकटिंग को बढ़ावा, यूटीएस काउंटरों पर डिजिटल भुगतान 17.23 प्रतिशत पहुंचा

अप्रैल के मुकाबले अगस्त में 4.96 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी, अलीगढ़ जंक्शन 37.55 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे

प्रयागराज। यात्रियों को त्वरित, सुविधाजनक और कैशलेस टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रयागराज मंडल द्वारा टिकट काउंटरों पर डिजिटल भुगतान को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। रेलवे के प्रयासों का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। मंडल के यूटीएस काउंटरों पर डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी अगस्त 2026 में बढ़कर 17.23 प्रतिशत पहुंच गई।

प्रयागराज मंडल में डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी में पिछले कुछ महीनों से लगातार वृद्धि दर्ज की गई है। अप्रैल 2026 में यह हिस्सेदारी 12.27 प्रतिशत थी, जो मई में 12.86 प्रतिशत, जून में 14.36 प्रतिशत और जुलाई में 15.25 प्रतिशत हो गई। अगस्त में यह आंकड़ा बढ़कर 17.23 प्रतिशत पहुंच गया। इस तरह अप्रैल की तुलना में अगस्त में 4.96 प्रतिशत अंक की उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वहीं जुलाई के मुकाबले अगस्त में भी 1.98 प्रतिशत अंक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अलीगढ़ जंक्शन सबसे आगे

अगस्त माह में यूटीएस काउंटरों पर डिजिटल भुगतान के मामले में अलीगढ़ जंक्शन 37.55 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ मंडल में पहले स्थान पर रहा। प्रयागराज जंक्शन 34.47 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा।

इसके अलावा इटावा में 27.92 प्रतिशत, विंध्याचल में 25.80 प्रतिशत, प्रयागराज छिवकी में 24.67 प्रतिशत और फतेहपुर में 24 प्रतिशत डिजिटल भुगतान दर्ज किया गया। सोनभद्र में 22.25 प्रतिशत, टूंडला और सूबेदारगंज में 21.32-21.32 प्रतिशत तथा दादरी में 20.01 प्रतिशत डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी रही।

अलीगढ़ में सबसे बड़ी मासिक बढ़ोतरी

अगस्त में अलीगढ़ जंक्शन ने डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में सबसे उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की। यहां पिछले महीने की तुलना में 9.86 प्रतिशत अंक की वृद्धि हुई। प्रयागराज जंक्शन पर भी डिजिटल भुगतान की हिस्सेदारी जुलाई के 32.24 प्रतिशत से बढ़कर अगस्त में 34.47 प्रतिशत हो गई। फतेहपुर, इटावा और सूबेदारगंज जैसे स्टेशनों पर भी डिजिटल भुगतान में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई।

नकदी की जरूरत होगी कम

रेल प्रशासन यात्रियों को टिकट खरीदते समय यूपीआई और क्यूआर आधारित डिजिटल भुगतान के लिए जागरूक कर रहा है। डिजिटल भुगतान से यात्रियों को नकदी रखने की आवश्यकता कम होती है और टिकट खरीदने की प्रक्रिया भी अधिक तेज एवं सुविधाजनक बनती है।

प्रयागराज मंडल का लक्ष्य अधिक से अधिक यात्रियों को डिजिटल भुगतान सुविधा से जोड़ना है, ताकि रेलवे की कैशलेस और डिजिटल सेवाओं को और मजबूत किया जा सके। मंडल प्रशासन ने यात्रियों से टिकट काउंटरों पर उपलब्ध डिजिटल भुगतान सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है।