फिरोजपुर मंडल ने अगस्त में माल ढुलाई से कमाए 124.72 करोड़, लक्ष्य से 28% अधिक राजस्व

फिरोजपुर। फिरोजपुर मंडल ने माल परिवहन को बढ़ावा देने की दिशा में अगस्त 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। मंडल ने माल लोडिंग से 124.72 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो प्रधान कार्यालय द्वारा निर्धारित लक्ष्य से करीब 28 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि मंडल रेल प्रबंधक श्री संजीव कुमार के मार्गदर्शन में हासिल की गई।

अगस्त में खाद्यान्न लोडिंग से 108.79 करोड़ रुपये और पीसमील लोडिंग से 25 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी दौरान कंटेनर डिपो ढंडारी कलां से दादरी के लिए कन्कोर के निर्यात कंटेनर रेक की पहली सफल लोडिंग भी की गई। इस सेवा से हर माह दो अतिरिक्त कंटेनर रेक का यातायात मिलने की उम्मीद है। शनिवार को संचालित होने वाली साप्ताहिक सेवा के माध्यम से निर्यात माल को जवाहरलाल नेहरू पोर्ट, मुंद्रा कंटेनर टर्मिनल और पिपावाव पोर्ट तक भेजने में सुविधा होगी।

पहली बार एफएमसीजी और कैटल फीड की लोडिंग

फिरोजपुर मंडल ने अगस्त में नई वस्तुओं की माल ढुलाई के क्षेत्र में भी उपलब्धियां हासिल कीं। साहनेवाल से अनंतनाग के लिए पहली बार एफएमसीजी तथा नवांशहर दोआबा से अनंतनाग के लिए कैटल फीड की पीसमील वैगन से सफलतापूर्वक ढुलाई की गई।

इसके अलावा लुधियाना और अमृतसर स्टेशनों पर पार्सल पार्किंग एवं स्टैकिंग सुविधाओं का आवंटन किया गया। ट्रेन संख्या 14624 में एसएलआर लीजिंग अनुबंध भी सफलतापूर्वक आवंटित किया गया है। इससे रेलवे की आय बढ़ाने के साथ यात्रियों और व्यापारियों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नए ग्राहकों पर रेलवे का फोकस

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि माल ढुलाई बढ़ाने के लिए मंडल द्वारा नए माल और नए ग्राहकों की पहचान की जा रही है। बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के माध्यम से व्यापारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है। साथ ही तेज, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल माल परिवहन सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

रेलवे की इन पहलों से माल ढुलाई सुविधाओं का विस्तार, लॉजिस्टिक्स ढांचे को मजबूत करने और कार्गो की तेज एवं सुगम आवाजाही को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।