ट्रेन में छूटा यात्री का बैग, रेलवे स्टाफ ने ईमानदारी से लौटाकर जीता दिल

ट्रेन में छूटा यात्री का बैग, रेलवे स्टाफ ने ईमानदारी से लौटाकर जीता दिल

टिकट चेकिंग स्टाफ ने दिखाई कर्तव्यनिष्ठा, 5900 रुपये नकद, दो मोबाइल और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग यात्री को सुरक्षित लौटाया

जम्मू। भारतीय रेल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक बार फिर ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और यात्री सेवा की शानदार मिसाल पेश की है। जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ ने ट्रेन में छूटे यात्री के बैग को सुरक्षित बरामद कर न सिर्फ उसकी पूरी संपत्ति लौटाई, बल्कि रेलवे के प्रति यात्रियों के भरोसे को भी मजबूत किया।

मामला 5 सितंबर का है। गाड़ी संख्या 22478 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-नई दिल्ली में ड्यूटी के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ कमलकांत को सी-8 कोच में यात्रियों ने एक लावारिस हैंडबैग पड़े होने की सूचना दी। सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए मामले को गंभीरता से लिया और रेलवे सुरक्षा विशेष बल के जवानों की मौजूदगी में बैग की तलाशी ली।

तलाशी के दौरान बैग में सेना का पहचान पत्र, 5,900 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कई जरूरी दस्तावेज मिले। टिकट चेकिंग स्टाफ ने बैग में उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर यात्री के परिवार से तत्काल संपर्क किया और बैग सुरक्षित मिलने की जानकारी दी।

सत्यापन के बाद यात्री को सौंपा पूरा सामान

रेलवे स्टाफ ने आवश्यक सत्यापन और कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद यात्री को उसका बैग सुरक्षित सौंप दिया। बैग में मौजूद नकदी, दोनों मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज समेत पूरा सामान यात्री को वापस मिल गया।

अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर यात्री की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यात्री ने भारतीय रेल और टिकट चेकिंग स्टाफ का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा उनकी ईमानदारी और तत्परता की सराहना की।

ईमानदारी और यात्री सेवा को बताया रेलवे का मूल ध्येय

टिकट चेकिंग स्टाफ के इस सराहनीय कार्य की वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ईमानदारी और यात्री सेवा भारतीय रेल के प्रमुख ध्येय हैं। चेकिंग स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों की त्वरित एवं पारदर्शी कार्रवाई जम्मू मंडल के उच्च नैतिक मूल्यों को दर्शाती है।

उन्होंने कहा कि रेलवे अपने यात्रियों की यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के साथ-साथ उनके सामान की सुरक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस तरह के अनुकरणीय कार्य यात्रियों के बीच भारतीय रेल के प्रति विश्वास को और मजबूत करते हैं।

इस उत्कृष्ट कार्य के लिए संबंधित स्टाफ को उचित रूप से सम्मानित किए जाने की बात भी कही गई है।

जम्मू मंडल के टिकट चेकिंग स्टाफ की यह पहल साबित करती है कि रेलवे केवल यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने का माध्यम नहीं, बल्कि जरूरत के समय उनके साथ खड़े रहने वाली भरोसेमंद सेवा भी है।