मेड़ता रोड बेस पर ट्रेनों में चला सघन टिकट जांच अभियान, किराया और जुर्माने के रूप में 2.25 लाख रुपये वसूले

बेटिकट यात्रियों पर रेलवे का शिकंजा, 14 घंटे में 358 पकड़े

मेड़ता रोड बेस पर ट्रेनों में चला सघन टिकट जांच अभियान, किराया और जुर्माने के रूप में 2.25 लाख रुपये वसूले

जोधपुर। ट्रेनों में बिना टिकट और अनियमित यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे ने एक बार फिर सख्त अभियान चलाया। शनिवार को मेड़ता रोड बेस पर करीब 14 घंटे तक चले सघन टिकट जांच अभियान में विभिन्न ट्रेनों में औचक जांच की गई। इस दौरान 358 बेटिकट एवं अनियमित यात्री पकड़े गए। रेलवे ने इन यात्रियों से किराया और जुर्माने के रूप में करीब 2.25 लाख रुपये की वसूली की।

अचानक हुई सघन जांच से ट्रेनों में बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के खिलाफ रेलवे नियमों के तहत कार्रवाई की गई।

मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन और मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को नियमों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना है।

ट्रेन में धूम्रपान करने पर भी कार्रवाई

अभियान के दौरान ट्रेन में धूम्रपान करते मिले एक यात्री के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यात्री से जन विश्वास अधिनियम के तहत 2 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही यात्रियों को रेल परिसर और ट्रेनों में धूम्रपान तथा गंदगी नहीं फैलाने के लिए जागरूक किया गया।

रेलवे कर्मचारियों ने यात्रियों को चलती ट्रेन के दरवाजे बंद रखने और गेट के पास खड़े होकर या बैठकर यात्रा नहीं करने की समझाइश दी। यात्रियों को बताया गया कि इस तरह की लापरवाही दुर्घटना और जनहानि का कारण बन सकती है।

22 टिकट जांच कर्मी और छह आरपीएफ जवान रहे शामिल

सघन जांच अभियान में 22 टिकट जांच कर्मियों और रेलवे सुरक्षा बल के छह सदस्यों ने भाग लिया। रेलवे ने स्पष्ट किया कि बिना टिकट या अनियमित यात्रा करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह औचक जांच अभियान जारी रहेगा।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे हमेशा उचित टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेल यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी नियमों का पालन करें। बेटिकट यात्रा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार किराया और जुर्माना वसूलने की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।