बिजनौर में पटाखा भंडारण व निर्माण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान

बिजनौर में पटाखा भंडारण व निर्माण स्थलों पर चला अग्नि सुरक्षा जांच अभियान

फायर ऑडिट कर अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा, संचालकों को दिए सतर्कता के निर्देश

बिजनौर। मुख्यालय उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के निर्देश एवं विभागीय आदेश के अनुपालन में जनपद बिजनौर में पटाखों एवं विस्फोटकों के भंडारण और निर्माण स्थलों पर अग्नि सुरक्षा को लेकर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य आतिशबाजी स्थलों पर आग से बचाव की व्यवस्थाओं को मजबूत करना और किसी भी संभावित दुर्घटना को रोकना रहा।

बुधवार को मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में फायर स्टेशन बिजनौर, नजीबाबाद, चांदपुर, नगीना और धामपुर की टीमों द्वारा नहटौर क्षेत्र समेत जनपद के विभिन्न आतिशबाजी स्थलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान स्थलों पर उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, आपातकालीन निकासी मार्ग तथा आग से बचाव के इंतजामों की जांच की गई।

अग्निशमन विभाग की टीम ने संबंधित संचालकों को सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने तथा आतिशबाजी सामग्री के भंडारण और निर्माण के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही न बरती जाए, ताकि आगजनी अथवा किसी अन्य अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।

विभाग द्वारा यह अभियान आगे भी जारी रखने के साथ ही आतिशबाजी स्थलों पर अग्नि सुरक्षा एवं आपातकालीन निकासी व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जा रही है।