दो रात बंद रहेगा शांतिपुरी रेलवे क्रॉसिंग स्लीपर और रेल बदलने का होगा काम, वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में रेलवे ट्रैक के रखरखाव एवं मरम्मत कार्य के चलते पंतनगर-किच्छा रेलखंड के बीच शांतिपुरी स्थित समपार संख्या 46/स्पेशल को दो रातों के लिए सड़क यातायात के लिए बंद रखा जाएगा।

रेल प्रशासन के अनुसार, किलोमीटर संख्या 56/4-5 पर स्थित इस समपार पर स्लीपर बदलने तथा रेल बदलने और मरम्मत से संबंधित कार्य किया जाना है। इसके चलते 30 अगस्त की रात 9 बजे से 31 अगस्त की सुबह 6 बजे तक तथा 31 अगस्त की रात 9 बजे से 1 सितंबर की सुबह 6 बजे तक रेलवे क्रॉसिंग से सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।

इन रास्तों से निकल सकेंगे वाहन

रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने के दौरान सड़क उपयोगकर्ताओं के लिए वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई है। वाहन चालक समपार संख्या 47/बी गोल गेट तथा समपार संख्या 43/सी गोकुलनगर गेट का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।

रेल प्रशासन ने सड़क उपयोगकर्ताओं से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने और रेलवे कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की है। साथ ही असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।