राज्य पुरस्कार प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन स्काउट-गाइड्स ने सीखे जीवन रक्षा और आपदा प्रबंधन के गुण

आलापुर ( अंबेडकर नगर ) | ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी, देवरिया पंडित में चल रहे तीन दिवसीय राज्य पुरस्कार स्काउट-गाइड प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन प्रतिभागियों को जीवन रक्षा कौशल, आपदा प्रबंधन, सिग्नलिंग, विभिन्न प्रकार की गांठों एवं बंधनों, टेंट निर्माण तथा पुल निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन की शुरुआत बी.पी. सिक्स व्यायाम एवं ध्वज शिष्टाचार से हुई। इसके बाद स्काउट-गाइड्स को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आपदा प्रबंधन, आग बुझाने के तरीके, जीवन रक्षा एवं आत्मरक्षा कौशल तथा सेमाफोर और मोर्स कोड के माध्यम से सिग्नलिंग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों ने स्ट्रेचर बनाने तथा विभिन्न प्रकार की आपातकालीन पट्टियां बांधने का भी शानदार प्रदर्शन किया।
शिविर संचालक बलिराम राजभर एवं शिविर संचालिका डॉ. प्रियंका तिवारी, जिला संगठन आयुक्त ने कहा कि इस प्रकार के साहसिक एवं जीवनरक्षक प्रशिक्षण से स्काउट-गाइड्स में सेवा भावना विकसित होती है। साथ ही, संकट की स्थिति में त्वरित निर्णय लेने और प्रभावी ढंग से कार्य करने की क्षमता भी मजबूत होती है।
इस अवसर पर जिला संगठन आयुक्त डॉ. प्रियंका तिवारी, जिला प्रशिक्षण आयुक्त रवि प्रकाश चौधरी, सहायक आयुक्त बादल विश्वकर्मा, ट्रेनिंग काउंसलर गौतम जायसवाल, सहायक प्रशिक्षक आरती यादव, ट्रेनिंग काउंसलर गौरव गोस्वामी, स्काउट मास्टर अवधेश कुमार मौर्य, सहायक अध्यापक सीमा चौधरी, विद्यालय प्रबंधक रमेशचंद्र गुप्ता, संरक्षक लालमणि गोंड तथा प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा गुप्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
शिविर में तक्षशिला अकादमी, मिश्रीलाल आर्य कन्या इंटर कॉलेज, बी.आर. एसडी इंटर कॉलेज, पं. दीन दयाल उपाध्याय राजकीय कॉलेज जाफरगंज, मिश्रीलाल सुंदरी देवी इंटर कॉलेज, ब्लूमिंग चिल्ड्रेन एकेडमी, जीजीआईसी तेंदुआईकला, बीपी स्काउट दल, आदर्श जनता इंटर कॉलेज, एचटी इंटर कॉलेज तथा पं. दीन दयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज रामनगर के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर संचालक बलिराम राजभर एवं शिविर संचालिका डॉ. प्रियंका तिवारी ने बताया कि शिविर के दूसरे दिन शाम को सांस्कृतिक कैंप फायर का आयोजन किया जाएगा। इसमें देशभक्ति एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित नाटक और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रतिभागियों द्वारा प्रस्तुत की जाएंगी।