रेल संरक्षा में सजगता दिखाने वाले 9 रेलकर्मी सम्मानित, महाप्रबंधक ने बढ़ाया हौसला

बिलासपुर। रेल परिचालन में संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने ड्यूटी के दौरान असाधारण सजगता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले नौ रेलकर्मियों को सम्मानित किया। मंगलवार को आयोजित संरक्षा बैठक में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए उनकी सतर्कता की सराहना की।

सम्मानित कर्मचारियों ने ड्यूटी के दौरान रेल फ्रैक्चर, ब्रेक बाइंडिंग, रेल सतह पर स्किड के निशान, वैगन की असामान्य स्थिति, एसईजे टंग रेल में फ्रैक्चर, अग्नि अलार्म, पैंटोग्राफ कार्बन स्ट्रिप में दरार और ट्रैक पर घिसटती बेस प्लेट जैसी गंभीर खामियों को समय रहते पहचानकर अधिकारियों को सूचना दी। उनकी तत्परता से संभावित रेल हादसों को टालने के साथ ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करने में मदद मिली।

सम्मान पाने वालों में कोरबा के लोको पायलट गुड्स धीरेंद्र कुमार द्विवेदी, उरगा के स्टेशन मास्टर शशिकांत कुमार सिंह, शहडोल के लोको पायलट गुड्स अविनाश कुमार, बिलासपुर के तकनीशियन ग्रेड-1 संतोष कुमार सिंह, तिल्दा के ट्रैक मेंटेनर-II तुलाराम डहरिया, दाधापारा के स्टेशन मास्टर मनोज कुमार रजक, दुर्ग के वरिष्ठ तकनीशियन (यांत्रिक) भारत, कन्हान के कनिष्ठ अभियंता/रेलपथ उदय कुमार तथा नागपुर के वरिष्ठ सहायक लोको पायलट कुणाल तुलसीराम चितगीरे शामिल रहे।

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने कहा कि रेल परिचालन में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सजगता, सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई रेल यात्रियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों की कर्तव्यनिष्ठा को अन्य रेलकर्मियों के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी इसी उत्साह और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी, प्रधान मुख्य इंजीनियर सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं अन्य अधिकारी मौजूद रहे।