झांसी स्टेशन पर गिट्टी रहित ट्रैक का निर्माण, 40 दिनों तक कई ट्रेनों के परिचालन में बदलाव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन के प्लेटफॉर्म संख्या एक पर गिट्टी रहित ट्रैक का निर्माण कार्य किया जाएगा। यह कार्य 20 नवंबर से 29 दिसंबर 2026 तक कुल 40 दिनों तक चलेगा। निर्माण कार्य के दौरान रेल परिचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए कई ट्रेनों को निरस्त, मार्ग परिवर्तित, आंशिक रूप से समाप्त अथवा प्रारंभ करने के साथ कुछ ट्रेनों के समय में बदलाव किया गया है।

चार ट्रेनें रहेंगी निरस्त

निर्माण कार्य के चलते ट्रेन संख्या 05073 केएसआर बेंगलुरु-लालकुआं, 05074 लालकुआं-केएसआर बेंगलुरु, 07075 हैदराबाद-गोरखपुर और 07076 गोरखपुर-हैदराबाद को निर्धारित तिथियों में निरस्त किया गया है। इन ट्रेनों के कुल छह-छह फेरे प्रभावित होंगे।

17 ट्रेनों के मार्ग में बदलाव

निर्माण कार्य के दौरान कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को झांसी स्टेशन से होकर संचालित करने के बजाय वैकल्पिक मार्ग से चलाया जाएगा। इनमें उद्योग नगरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सीतापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस, छपरा-लोकमान्य तिलक टर्मिनस अंत्योदय सुपरफास्ट एक्सप्रेस, चर्लापल्ली-गोरखपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस, पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस और गोंडवाना एक्सप्रेस सहित कुल 17 ट्रेनें शामिल हैं।

उद्योग नगरी और सीतापुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस को कानपुर सेंट्रल से हमीरपुर रोड, ओहन, जबलपुर होते हुए इटारसी की ओर चलाया जाएगा। वहीं गोंडवाना एक्सप्रेस को मथुरा से बयाना, सोगरिया, रुठियाई होते हुए बीना के रास्ते संचालित किया जाएगा।

ग्वालियर-बरौनी मेल भी झांसी के बजाय इटावा होकर चलेगी। तुलसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस को ललितपुर-झांसी-महोबा मार्ग के स्थान पर ललितपुर-खजुराहो-महोबा होकर चलाया जाएगा। इसी तरह अन्य प्रभावित ट्रेनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

ताज एक्सप्रेस समेत चार ट्रेनों का संचालन आंशिक रूप से प्रभावित

ट्रेन संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस 21 नवंबर से 30 दिसंबर तक दतिया स्टेशन पर ही समाप्त होगी। वापसी में 19666 उदयपुर-खजुराहो एक्सप्रेस 19 नवंबर से 28 दिसंबर तक दतिया से ही शुरू होगी।

वहीं 12279 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक ग्वालियर से ही संचालित होगी। वापसी में 12280 नई दिल्ली-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी ताज एक्सप्रेस ग्वालियर स्टेशन तक ही जाएगी।

इंटरसिटी 30 मिनट देरी से चलेगी

निर्माण कार्य के दौरान ट्रेन संख्या 11109 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ जंक्शन इंटरसिटी एक्सप्रेस 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी स्टेशन से निर्धारित समय से 30 मिनट की देरी से रवाना होगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 22196/02200 बांद्रा टर्मिनस-झांसी एक्सप्रेस को 19 नवंबर से 26 दिसंबर तक मार्ग में करीब 60 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि प्रभावित अवधि में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के मार्ग, समय और संचालन की अद्यतन जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।