बावन परियों के खेल से कई घर हो रहे बेघर, जुए की लत से बिगड़ रहा परिवारों का माहौल

बैकुंठपुर। जिला मुख्यालय से महज कुछ दूरी पर ग्राम पंचायत सलवा मंडलपारा और सागरपुर के देवाला क्षेत्र में कथित रूप से अवैध तरीके से ?बावन परियों? का खेल संचालित किए जाने की शिकायत सामने आई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा कथित तौर पर 500 रुपये की नाल पर ताश के पत्तों का जुआ खिलाया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के खेल में बड़ी रकम दांव पर लगाई जा रही है। जल्दी पैसा कमाने के लालच में लोग अपनी मेहनत की कमाई गंवा रहे हैं। लगातार हार के कारण कुछ परिवारों पर आर्थिक संकट बढ़ने और घरेलू माहौल प्रभावित होने की बात भी सामने आ रही है।

युवा भी आ रहे चपेट में

लोगों के मुताबिक, शुरुआत छोटी रकम से होती है, लेकिन धीरे-धीरे दांव बढ़ता जाता है। हार की रकम वापस पाने के प्रयास में कई लोग दोबारा पैसा लगाते हैं और कथित तौर पर कर्ज तक लेने की स्थिति बन जाती है। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति पर सीधा असर पड़ सकता है।

घर-परिवार की जरूरतों का पैसा दांव पर

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जुए की लत के चलते कुछ लोग घर की जरूरतों के लिए रखे पैसों को भी दांव पर लगा रहे हैं। इससे परिवार में तनाव और विवाद की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका बनी रहती है। नागरिकों ने मांग की है कि यदि क्षेत्र में अवैध जुआ संचालित हो रहा है तो इसकी निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

पुलिस प्रशासन से जांच की मांग

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से सलवा मंडलपारा, सागरपुर और देवाला क्षेत्र में जांच कर जुए के कथित अड्डे पर कार्रवाई करने की मांग की है। नागरिकों का कहना है कि ऐसी गतिविधियों पर समय रहते रोक लगाई जाए, ताकि युवा वर्ग और परिवारों को इसके दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।