खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, मुरादाबाद में 14 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

मुरादाबाद। खाद्य पदार्थों में गुणवत्ता और शुद्धता बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देशन में गठित दो टीमों ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करते हुए कुल 14 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।

अभियान के दौरान सोनाली एंटरप्राइजेज, दीनदयाल नगर और महिमा ट्रेडर्स से सेजवान सॉस, रेड चिली सॉस, फ्राई फ्रूट चाट मसाला तथा पेरी-पेरी स्पाइस मिक्स के नमूने लिए गए। करुला क्षेत्र से पनीर, खोआ और छेना मिठाई के नमूने भी संग्रहित किए गए। इसके अलावा अजय रस्तोगी के प्रतिष्ठान से पनीर तथा मिश्रित दूध का नमूना लिया गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजरा ने गणेश स्वीट्स, गुरहट्टी चौराहा, बाजार गंज से छेना, स्टडी ब्रेक कैफे, डिप्टी गंज रोड से तैयार सब्जी/सॉस और फहीम किराना स्टोर, बरादरी चौराहा से धारा ब्रांड सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया।

वहीं लक्ष्मणपुरी लाइनपार स्थित उमेश कुमार के प्रतिष्ठान ?द हाउस? की राधिका स्वीट्स से अंजीर की बर्फी तथा नेट कॉलोनी स्थित चंदन स्वीट्स से सोनपापड़ी का नमूना लिया गया। तौसीफ डेयरी, करुला से खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने खोआ, पनीर और छेना मिठाई के नमूने भी संग्रहित किए।

सभी 14 नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने, प्रतिष्ठानों में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की है। विभाग ने स्पष्ट किया कि मिलावट और खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत खाद्य पदार्थों की बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।