गोरखपुर कैंट-उनौला दोहरीकरण कार्य से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें निरस्त और मार्ग परिवर्तित

गोरखपुर। रेलवे प्रशासन द्वारा परिचालनिक सुगमता और रेल आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए गोरखपुर कैंट-पनियहवा रेलखंड पर स्थित गोरखपुर कैंट-उनौला के बीच 7.64 किलोमीटर लंबे पैच दोहरीकरण कार्य को कमीशन करने की तैयारी की जा रही है। इस कार्य के तहत प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किए जाएंगे। साथ ही 3 सितंबर को रेल संरक्षा आयुक्त द्वारा निरीक्षण किया जाएगा। इसके चलते 30 अगस्त से 4 सितंबर तक कई ट्रेनों के संचालन में बदलाव किया गया है।

रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावित ट्रेनों की निरस्तीकरण, मार्ग परिवर्तन, आंशिक रूप से संचालन, पुनर्निर्धारण और नियंत्रित संचालन की जानकारी जारी की है।

कई सवारी ट्रेनें रहेंगी निरस्त

31 अगस्त से 4 सितंबर के बीच नरकटियागंज-गोरखपुर कैंट, गोरखपुर कैंट-सीवान, सीवान-थावे, सीवान-गोरखपुर कैंट सहित कई सवारी ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इसके अलावा 1 से 3 सितंबर के बीच छपरा-नकहा जंगल और गोरखपुर-छपरा सवारी ट्रेनें भी निरस्त रहेंगी।

3 सितंबर को भटनी-अयोध्या धाम जंक्शन मेमू, छपरा-थावे डेमू और थावे-नकहा जंगल डेमू का संचालन भी निरस्त रहेगा।

कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों के बदले जाएंगे मार्ग

कार्य के कारण अमृतसर-दरभंगा, अमृतसर-जयनगर, जयनगर-अमृतसर, हावड़ा-काठगोदाम, काठगोदाम-हावड़ा, पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर, ललितग्राम-नई दिल्ली, कटिहार-अमृतसर, दरभंगा-नई दिल्ली, चंडीगढ़-डिब्रूगढ़, खातीपुरा-दरभंगा तथा बरौनी-नई दिल्ली समेत कई ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा।

मार्ग परिवर्तन के कारण इन ट्रेनों का गोरखपुर, देवरिया सदर, बस्ती, गोंडा, सीवान, खलीलाबाद सहित कई स्टेशनों पर ठहराव नहीं रहेगा। यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और ठहराव की जानकारी जांचने की अपील की गई है।

कई ट्रेनें बीच रास्ते से होंगी संचालित

बनारस-गोरखपुर एक्सप्रेस को 2 और 3 सितंबर को गोरखपुर के बजाय देवरिया सदर से संचालित किया जाएगा। गोमती नगर-गोरखपुर एक्सप्रेस का संचालन आनंद नगर तक सीमित रहेगा। अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस भटनी तक चलेगी, जबकि दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस 1 सितंबर को मऊ तक संचालित होगी।

इसी तरह छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस 3 सितंबर को चौरी चौरा तक चलेगी। सीवान-गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी का संचालन भी निर्धारित तिथियों में भटनी तक सीमित रहेगा। बढ़नी-गोरखपुर सवारी गाड़ी 1 से 3 सितंबर तक नकहा जंगल स्टेशन पर अपनी यात्रा समाप्त करेगी।

कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव

कार्य के चलते कई ट्रेनों को निर्धारित समय से देरी से रवाना किया जाएगा। इनमें बढ़नी-नरकटियागंज सवारी गाड़ी को 240 मिनट, थावे-नकहा जंगल डेमू को 120 मिनट, नकहा जंगल-गोंडा डेमू को 60 मिनट, गोरखपुर-थावे डेमू को 180 मिनट तथा गोरखपुर-गोंडा सवारी गाड़ी को 120 मिनट पुनर्निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा गोरखपुर-बठिंडा, गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस, गोरखपुर-पुणे, बरौनी-बांद्रा टर्मिनस और मुजफ्फरपुर-आनंद विहार टर्मिनल सहित कई एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों में यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन के समय, मार्ग और ठहराव की स्थिति की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार ने बताया कि यह कार्य रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने तथा आधारभूत संरचना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।