कैनवास पर उकेरा नशे का दर्द, अनुष्का के पोस्टर ने जीता दिल

राजकीय महाविद्यालय में नशा मुक्ति पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

खेरागढ़। तहसील क्षेत्र के कस्बा सैंया स्थित राजकीय महाविद्यालय में नशा मुक्ति अभियान के तहत ?Say Yes to Life and Say No to Drugs? विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना रहा।

प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए आकर्षक, रचनात्मक और संदेशपरक पोस्टर तैयार किए। पोस्टरों के माध्यम से नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाली शारीरिक, मानसिक और सामाजिक हानियों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने उज्ज्वल भविष्य के प्रति सजग रहने का संदेश दिया।

प्राचार्य डॉ. रविन्द्र कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों की रचनात्मकता समाज में जागरूकता फैलाने का सशक्त माध्यम बन सकती है। कार्यक्रम संयोजक डॉ. विजय आनंद गौतम ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, शिक्षा और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। ऐसे में युवाओं को नशे से दूर रहकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए।

प्रतियोगिता में बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा अनुष्का पाठक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं बीएससी तृतीय सेमेस्टर की सरिता और लक्ष्मी संयुक्त रूप से द्वितीय रहीं, जबकि याना शर्मा ने तृतीय स्थान हासिल किया। उत्कृष्ट पोस्टरों के माध्यम से विद्यार्थियों ने नशामुक्त समाज का प्रभावी संदेश दिया।