टनकपुर-अछनेरा एक्सप्रेस अब सप्ताह में पांच दिन चलेगी, यात्रियों को बड़ी सुविधा

गोरखपुर। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने टनकपुर-अछनेरा के बीच संचालित विशेष गाड़ी को अब नियमित एक्सप्रेस के रूप में चलाने का निर्णय लिया है। 05062/05061 टनकपुर-अछनेरा-टनकपुर विशेष गाड़ी अब 15094/15093 टनकपुर-अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी।

रेल प्रशासन के अनुसार यह एक्सप्रेस 31 अगस्त 2026 से सप्ताह में पांच दिन चलेगी। ट्रेन प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शुक्रवार और रविवार को संचालित होगी, जबकि बुधवार और शनिवार को इसका संचालन नहीं होगा।

टनकपुर से अछनेरा जाने वाली 15094 एक्सप्रेस सुबह 4:05 बजे टनकपुर से रवाना होकर बनबसा, खटीमा, पीलीभीत, भोजीपुरा, इज्जतनगर, बरेली सिटी, बरेली, बदायूं, उझानी, सोरों शूकर क्षेत्र, कासगंज, सिकन्दरा राव, हाथरस सिटी, मथुरा कैंट और मथुरा जंक्शन होते हुए दोपहर 12:20 बजे अछनेरा पहुंचेगी।

वापसी में 15093 अछनेरा-टनकपुर एक्सप्रेस दोपहर 3:30 बजे अछनेरा से रवाना होगी और मथुरा, हाथरस सिटी, कासगंज, बदायूं, बरेली, इज्जतनगर, पीलीभीत, खटीमा तथा बनबसा होते हुए रात 11:45 बजे टनकपुर पहुंचेगी।

17 एलएचबी कोच से चलेगी ट्रेन

यात्रियों को बेहतर और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने के लिए ट्रेन में कुल 17 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे। इनमें एक जनरेटर सह लगेज यान, आठ सामान्य द्वितीय श्रेणी कोच, छह सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान, एक वातानुकूलित कुर्सीयान तथा एक एलएसएलआरडी कोच शामिल होगा।

इस ट्रेन के नियमित संचालन से टनकपुर, पीलीभीत, बरेली, बदायूं, कासगंज, हाथरस, मथुरा और अछनेरा सहित मार्ग के प्रमुख स्टेशनों के यात्रियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। रेल प्रशासन के इस निर्णय से यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।